Al-Falah University: अल-फलाह यूनिवर्सिटी के चेयरमैन जवाद अहमद सिद्दीकी को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को चार दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा है। पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई यूनिवर्सिटी अनुदान आयोग (UGC) की शिकायत के आधार पर दर्ज दो एफआईआर के बाद की गई। मामले में प्राइवेट विश्वविद्यालय के कामकाज में कथित जालसाजी और वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं की जांच की जा रही है।
48 कर्मचारियों से पूछताछ की जा चुकी
अधिकारियों के अनुसार, पहले ही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी थी, जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने अपनी जांच तेज कर दी। सिद्दीकी से 48 कर्मचारियों से पूछताछ की जा चुकी है और जांच का दायरा दिल्ली के विभिन्न अस्पतालों तक बढ़ गया है।
200 से अधिक डॉक्टर और कर्मचारी जांच के दायरे में
सूत्रों का कहना है कि 10 नवंबर, 2025 को लाल किले के पास हुए कार विस्फोट के बाद विश्वविद्यालय के 200 से अधिक डॉक्टर और कर्मचारी जांच के दायरे में आ गए हैं। धमाका अमोनियम नाइट्रेट के कारण हुआ था, जिसमें 13 लोग मारे गए और 24 से ज्यादा घायल हुए। इस मामले में इस्तेमाल किए गए आतंकवादी नेटवर्क का कुछ कनेक्शन अल-फलाह यूनिवर्सिटी से सामने आया है।
महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद
पुलिस और सुरक्षाकर्मी विश्वविद्यालय में लगातार जांच कर रहे हैं, जिससे छात्रों और कर्मचारियों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ और भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।