पश्चिम एशिया में हालात तेजी से बदल रहे हैं। संयुक्त हवाई हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और उनके परिवार के कई सदस्यों के मारे जाने का दावा किया गया है। इस घटनाक्रम के बीच ईरान ने नई सैन्य कमान की घोषणा कर दी है। क्षेत्र में हमले और जवाबी कार्रवाई जारी है, जिससे पूरे मध्य-पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है।
परिवार समेत मौत का दावा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में खामेनेई की बेटी, दामाद और पोते की भी मौत हुई है। यह स्ट्राइक उस समय हुई जब वे शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ बैठक में थे। दावा किया जा रहा है कि ऑपरेशन अत्याधुनिक ट्रैकिंग सिस्टम और खुफिया इनपुट के आधार पर अंजाम दिया गया।
घटना के बाद तेहरान समेत कई शहरों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। आधिकारिक स्तर पर संवेदनशील ठिकानों को सील कर दिया गया है और सेना हाई अलर्ट पर है।
अहमद वाहिदी बने नए कमांडर इन चीफ तेजी से बदलते हालात के बीच ईरान ने अहमद वाहिदी को नया कमांडर इन चीफ नियुक्त करने की घोषणा की है। माना जा रहा है कि यह कदम सैन्य नेतृत्व में स्थिरता बनाए रखने और संभावित बड़े संघर्ष की तैयारी के तहत उठाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, शीर्ष सुरक्षा परिषद से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारियों की भूमिका भी इस हमले में चर्चा में है। ईरान की सैन्य रणनीति अब नए नेतृत्व के हाथ में होगी।
ट्रंप और नेतन्याहू के दावे
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए खामेनेई के मारे जाने का दावा किया। वहीं इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी एक संबोधन में ऑपरेशन की सफलता का संकेत दिया। दोनों नेताओं के बयानों के बाद वैश्विक राजनीति में हलचल बढ़ गई है। कई देशों ने संयम बरतने और हालात पर नजर रखने की अपील की है।
ईरान की प्रतिक्रिया और धार्मिक संदर्भ
ईरान में खामेनेई को लेकर भावनात्मक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ धार्मिक हलकों में उनकी तुलना इमाम हुसैन से की गई है, जिन्हें कर्बला की ऐतिहासिक जंग में शहादत मिली थी।
सरकारी बयान में कहा गया कि खामेनेई ने अपने जीवन में बाहरी दबावों के आगे झुकने से इनकार किया। देशभर में शोक और आक्रोश का माहौल है।
हमले जारी, तेल अवीव में मिसाइल स्ट्राइक
इजरायली सेना ने ईरान के कई ठिकानों पर हवाई हमले जारी रखे हैं। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने तेल अवीव पर मिसाइल दागे जाने का दावा किया है, जिससे इमारतों को नुकसान पहुंचा है।
क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां तेज हैं और दोनों पक्षों की ओर से सख्त बयानबाजी जारी है। आने वाले दिन इस संघर्ष की दिशा तय करेंगे।