उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक चौंकाने वाला घरेलू विवाद सामने आया है, जहां सिर्फ साबुन से नहाने को लेकर पति-पत्नी के बीच ऐसा बवाल हुआ कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। पत्नी ने ईंट से पति का सिर फोड़ दिया, वहीं पति ने पुलिस पर भी मारपीट के आरोप लगाए हैं।
साबुन बना विवाद की वजह, चली ईंट
यह घटना अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र के रावण टीला इलाके की है। संजय गांधी कॉलोनी निवासी प्रवीण की शादी को 13 साल हो चुके हैं। शुक्रवार सुबह जब वह बाथरूम में नहा रहा था, तभी पत्नी ने उसके "अपने साबुन" से नहाने पर विवाद शुरू कर दिया। प्रवीण की मां पुष्पा के अनुसार, बहू ने पहले बहस की और फिर ईंट से प्रवीण का सिर फोड़ दिया।
पुलिस पहुंची तो पति ने लगाए मारपीट के आरोप
विवाद के बाद पत्नी ने अपने मायके पक्ष को और फिर पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो प्रवीण का आरोप है कि पुलिस वालों ने उसे थप्पड़ मारा और चौकी ले जाकर डंडों से पीटा, जिससे उसकी उंगली में चोट आई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रवीण ने अपशब्द कहे और विरोध किया, इसलिए शांतिभंग की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने किया मेडिकल, आरोपों को बताया झूठा
सीओ तृतीय सवर्म सिंह ने स्पष्ट किया कि पत्नी की शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों का मेडिकल कराया गया है। युवक की पिटाई नहीं की गई, जो आरोप लगाए जा रहे हैं, वे निराधार हैं।