
अलीगढ़ से खबर है जहां, जिले के अतरौली थाना क्षेत्र में 30 अगस्त को दो फौजी भाइयों और पुलिसकर्मियों के बीच बड़ा विवाद हुआ. मामला तब शुरू हुआ जब अजीत सिंह और अनिल सिंह शिकायत लेकर पुलिस चौकी पहुंचे. चर्चा के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई और स्थिति बिगड़कर मारपीट में बदल गई. इस झड़प में एक दारोगा संदीप सिंह और एक सिपाही घायल हो गए जबकि दारोगा की वर्दी फट गई और चोटें भी आईं.
सेना जिंदाबाद के नारे भी लगाए
झगड़े के बाद पुलिस ने फौजी भाइयों को हिरासत में ले लिया. इसके विरोध में गांववालों ने थाने का घेराव कर दिया और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी. ग्रामीणों ने फौजी भाइयों के समर्थन में भारतीय सेना जिंदाबाद के नारे भी लगाए. विवाद इतना बढ़ गया कि दिल्ली और मथुरा से सेना के अधिकारी थाने पर पहुंचे और मामले को सुलझाने की कोशिश की.
ये भी पढ़ें : Plastic के Lunch Box में देते हैं बच्चों को खाना, तो हो जाएं सावधान, पढ़ें क्या हो सकते हैं नुकसान ?
वीडियो फुटेज दिखाकर समझौता हुआ
अलीगढ़ एसएसपी संजीव सुमन ने बताया कि वीडियो फुटेज की जांच के बाद ये स्पष्ट हुआ कि विवाद की शुरुआत फौजियों की ओर से हुई थी हालांकि, पुलिसकर्मी द्वारा किए गए अनुचित व्यवहार, जैसे फौजी पर पैर चलाने की घटना, पर भी कार्रवाई की गई. दोनों पक्षों को वीडियो फुटेज दिखाकर समझौता कराया गया. इसके बाद दोनों फौजी भाइयों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. वहीं, फौजी की पत्नी की शिकायत के आधार पर दो दारोगाओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है. एसएसपी ने बताया कि सभी पक्ष इस समझौते से संतुष्ट हैं और अब स्थिति शांत है.
बता दें ये घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. मामले ने दिखा दिया कि पुलिस और फौजियों के बीच छोटे विवाद भी तेजी से बड़ा रूप ले सकता है और स्थानीय लोगों का समर्थन कितना मजबूत होता है, सेना और पुलिस के संयुक्त प्रयास के बाद ही स्थिति को नियंत्रण में लाया जा सका.