
अलीगढ़ जिले के लोधा थाना क्षेत्र में अराजक तत्वों द्वारा दंगा कराने की बड़ी साजिश का खुलासा हो गया है. मिली जानकारी के अनुसार बुलाकी गढ़ी समेत आधा दर्जन गांवों में बने मंदिरों में घुसकर अराजक तत्वों ने ‘आई लव मोहम्मद’ लिख दिया. जिसके बाद शनिवार की सुबह जब लोग मंदिर पहुंचे और दीवारों पर ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा देखा तो हड़कंप मच गया. वहीं घटना की सूचना मिलते ही करणी सेना के लोग मौके पर पहुंच गए और हंगामा काटना शुरू कर दिया. हालांकि पुलिस ने समय रहते एक्शन लेते हुए सभी मंदिरों की दीवारों पर लिखी इबारत को पुतवा दिया. इसके साथ पुलिस आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने के प्रयास में लगी है.
पूरे इलाके में फैले तनाव को कराया गया शांत
वहीं स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिरों की दीवारों पर यह लिखावट स्प्रे पेंट या चाक से की गई थी. जिसे देखते ही लोगों में आक्रोश फैल गया. देखते ही देखते पूरे इलाके में सांप्रदायिक तनाव के हालात पैदा हो गए. गनीमत बस इतनी रही कि समय रहते हरकत में आई पुलिस ने बड़ी मुश्किल से लोगों को समझा बुझाकर शांत करा दिया. इसके साथ ही बुलाकी गढ़ी समेत आधा दर्जन गांवों के दर्जनों मंदिरों की दीवार पर यह इबारत 24 अक्टूबर की रात या 25 अक्टूबर की अल सुबह लिखी गई बताई जा रही है.
कई बड़े मंदिरों को बनाया गया निशाना
अराजक तत्वों द्वारा मंदिरों की दीवारों पर इबारत लिखने के लिए बुलाकी गढ़ी के प्रमुख शिव मंदिर और हनुमान मंदिर समेत 4-5 बड़े मंदिरों को चुना गया था. इन सभी मंदिरों की दीवारों पर अंग्रेजी के बड़े-बड़े अक्षरों में ‘आई लव मोहम्मद’ लिखा दिया गया है. स्थानीय लोगों की मानें तो शरारती तत्वों ने स्पष्ट रूप से धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया है. यह वारदात भी ‘आई लव मोहम्मद’ कैंपेन का हिस्सा है. इस कैंपेन के तहत पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के बरेली, कानपुर, मुरादाबाद, फर्रुखाबाद आदि जिलों में बवाल हो चुका है. पुलिस ने भी इस घटना को प्रोवोकेशन’ बताते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है.
इसे भी पढ़ें : Rohit Sharma ने बता दिया क्यों उन्हें सब 'हिटमैन' कहते हैं, जड़ा शानदार शतक, तहस-नहस की रिकॉर्डबुक !
मामले की जांच को गठित की गई टीमें
वहीं इस वारदात की सूचना मिलते ही करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र चौहान के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बुलाकी गढी गांव पहुंच गए. इन लोगों ने सभी मंदिरों में घूमकर स्थिति देखी और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इसके साथ ही इस दौरान करणी सेना ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, सख्त कार्रवाई और मंदिरों की सुरक्षा की मांग की. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी और क्षेत्राधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और शांति समिति के साथ बैठक की. फिलहाल मामले की जांच के लिए 2-3 स्पेशल टीमें गठित की गई हैं. एसएसपी अलीगढ़ का कहना है कि “घटना गंभीर है, 48 घंटे में अनावरण होगा.