CBSE Result 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 12वीं के री-इवैल्यूएशन के 87% से अधिक नतीजे जारी कर दिए हैं। सीबीएसई जल्द ही बाकी के नतीजे भी जारी करेगा। लेकिन इस रिजल्ट के आते ही विवाद शुरू हो गया है। कई छात्रों और सोशल मीडिया यूजर्स ने मार्किंग प्रोसेस में गंभीर गड़बड़ियों के आरोप लगाए हैं। छात्र का दावा है कि री-इवैल्यूएशन के लिए अप्लाई भी नहीं किया था, फिर भी बोर्ड ने उसका परिणाम घोषित कर दिया है और नंबर बदल दिए हैं।
री-इवैल्यूएशन रिजल्ट में गड़बड़ी के दावे
कुछ छात्रों का दावा है कि उन्होंने मार्क्स वेरिफिकेशन या री-इवैल्यूएशन के लिए कोई फॉर्म नहीं भरा था, फिर भी बोर्ड ने उनका नया रिजल्ट जारी कर नंबर कम या ज्यादा कर दिए। इसके अलावा, सोशल मीडिया पर कई एक्स यूजर्स ने आरोप लगाया है कि मूल्यांकन के दौरान उनके मार्क्स ज्यादा थे, लेकिन उन्हें उससे बहुत कम नंबर मिले हैं।
विनीत जिंदल ने X पर किया पोस्ट
CBSE 12वीं के छात्रों की पैरवी कर रहे वकील विनीत जिंदल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बोर्ड की इस कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने X पर लिखा, 'मुझे CBSE 12वीं कक्षा के छात्रों से बड़ी संख्या में ईमेल मिले हैं। कई छात्रों ने अपनी आंसर शीट शेयर की हैं, जिनसे री-इवैल्यूएशन और मार्किंग में गंभीर गलतियां पता चलती हैं। कुछ मामलों में, जिन छात्रों ने किसी विषय के लिए री-इवैल्यूएशन के लिए अप्लाई ही नहीं किया था, उनके भी मार्क्स कम हो गए हैं। ऐसे मामले असेसमेंट प्रोसेस को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा करते हैं।'
कानूनी लड़ाई का समर्थन करूंगा
विनीत जिंदल ने आगे लिखा कि कई छात्रों ने कानूनी रास्ता अपनाने की इच्छा जताई है। मैं ऐसे सभी छात्रों को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि अगर वे आगे आते हैं, तो मैं उनके साथ खड़ा रहूंगा और निष्पक्ष मूल्यांकन और पारदर्शिता के लिए उनकी कानूनी लड़ाई का समर्थन करूंगा।
यह भी पढ़ें: NEET Re Exam Answer Key: एनटीए जल्द जारी कर सकता है री-नीट परीक्षा की प्रोविजनल आंसर-की, ऐसे कर सकेंगे चेक
बिना अप्लाई किए बदले नंबर
कई एक्स यूजर्स ने सीबीएसई री-इवैल्यूएशन रिजल्ट में गड़बड़ियों के दावे किए हैं। एक छात्र ने बताया कि उसकी बायोलॉजी की कॉपी के 6 पेज (लगभग 15 नंबर के सवाल) धुंधले थे। शिकायत के बाद भी इस समस्या को सुधारे बिना रिजल्ट जारी कर दिया गया। वहीं, एक ने लिखा कि उनके पूरे जवाब सही थे और उन्हें 10 से 15 नंबर बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन बोर्ड ने लगभग सभी के सिर्फ 2-2 नंबर ही बढ़ाए हैं। सिर्फ मेरे साथ ही नहीं, बल्कि सबके साथ ऐसा ही हुआ।'
एडमिशन छूटने का डर, छात्र परेशान
NTA ने CUET UG 2026 के रिजल्ट घोषित कर दिए हैं और कॉलेजों में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। ऐसे में जिन छात्रों का सीबीएसई रिजल्ट अभी तक नहीं आया है, वे कॉलेज में एडमिशन को लेकर परेशान हैं। छात्रों ने बोर्ड से जल्द से जल्द बाकी बचे रिजल्ट घोषित करने की अपील की है।