जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र के नई बस्ती मोहल्ले में प्रसव के दौरान कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। डिलीवरी के दौरान जटिल स्थिति उत्पन्न होने से नवजात की मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गलत तरीके से प्रसव कराने के कारण यह हादसा हुआ।
महिला की डिलीवरी घर पर कराई
बताया गया कि गर्भवती महिला की डिलीवरी घर पर कराई जा रही थी। स्थिति बिगड़ने के बाद परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। आरोप है कि इसके बाद आशा वर्कर और एक महिला द्वारा मामले को छिपाने की कोशिश की गई, जिस पर परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर आशा वर्कर और एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद जच्चा महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है, जहां उपचार जारी है। प्रशासन का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की भूमिका की भी समीक्षा की जा रही है।