शहर के थाना सिविल लाइन की पुलिस ने बिहार से ली गई बीयूएमएस की डिग्री फर्जी पाए जाने पर अस्पताल चलाने वाले कथित मुन्ना भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में चिकित्सक के पास मिली डिग्री फर्जी थी, जो उसने बिहार राज्य के मुजफ्फरपुर में स्थित बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर यूनिवर्सिटी के नाम से ले रखी थी। कोर्ट के आदेश पर पहले ही दर्ज कराए मामले में चिकित्सक को नामजद किया गया था।
दूरबीन से ऑपरेशन किया जाएगा
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लद्वावाला निवासी अमजद सैफी ने कोर्ट के आदेश पर थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी शगुफ्ता को लीवर की बीमारी थी। उसने 30 दिसम्बर 2023 को अपनी पत्नी को रुडकी रोड पर स्थित गलेक्सी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। चिकित्सक डा. अम्मार हुसैन निवासी अम्बा विहार ने उसकी पत्नी का ऑपरेशन करने की एवज में एक लाख रुपए की डिमांड की थी। साथ ही कहा गया था कि उसकी पत्नी का दूरबीन से ऑपरेशन किया जाएगा।
पेट का खुला ऑपरेशन कर दिया
आरोप था कि चिकित्सक ने उसकी पत्नी के पेट का खुला ऑपरेशन कर दिया, जिससे उसकी पत्नी की हालत बिगडती चली गयी। उसने अन्य चिकित्सकों को दिखाया तो उन्होंने बताया कि इस बीमारी का ऑपरेशन नही किया जाता है। उसके बाद पीडित ने मामले में सीएमओ को शिकायती पत्र देकर चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की। हालांकि स्वास्थ्य विभाग में कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद पीडित ने बिहार के उस संस्थान से आरटीआई के माध्यम से चिकित्सक की डिग्री के संबंध में जानकारी मांगी, जिससे चिकित्सक ने डिग्री लेना बताया गया था। जवाब में पता चला कि जिस नाम के बारे में जानकारी ली गई उस नाम का कोई चिकित्सक कभी इस बाबा साहब भीमराव अम्बेडर यूनिवर्सिटी मुजफ्फरपुर में पढे ही नही है। उसके बाद पीडित ने कोर्ट के आदेश पर थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज करा दी। पुलिस की जांच में सभी आरोप सही पाए गए। थाना प्रभारी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि फर्जी डिग्री के साथ अस्पताल को संचालित करने वाले कथित चिकित्सक अम्मार हुसैन को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया गया है।