भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज रिंकू सिंह को उत्तर प्रदेश सरकार ने एक खास उपहार दिया है, रिंकू सिंह को खेल कोटे के तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) के पद पर नियुक्त किया जा रहा है। लेकिन सरकारी नौकरी पाने वाले क्रिकेटर रिंकू सिंह अकेले नहीं हैं बल्कि उनके साथ 6 और खिलाड़ियों को भी सरकारी नौकरी दी गई है। इन सभी खिलाड़ियों को अलग-अलग विभागों में नियुक्त किया जा रहा है।
किसे मिला कौन सा पद
बता दें कि रिंकू सिंह के अलावा बाकी 6 खिलाड़ियों में पैरा एथलीट प्रवीण कुमार का नाम है, जिन्हें गृह विभाग में पुलिस उपाधीक्षक यानी डिप्टी SP बनाया गया है। दूसरा नाम हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल का है, इनको भी गृह विभाग में डिप्टी SP के पद पर नियुक्त किया गया है। वहीं, पैरा एथलीट अजीत सिंह और सिमरन को पंचायती राज विभाग में जिला पंचायती राज अधिकारी के पद पर नौकरी मिली है। पैरा एथलीट प्रीति पाल को ग्रामीण विकास विभाग में खंड विकास अधिकारी बनाया जाएगा।
रिंकू सिंह का इंटरनेशनल करियर
बता दें कि क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह का जन्म 12 अक्टूबर 1997 को अलीगढ़ में हुआ था। रिंकू सिंह के इंटरनेशनल करियर की शुरुआत साल 2023 में हुई थी. वह टीम इंडिया के लिए अभी तक 2 वनडे और 33 टी20 मैच खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने वनडे में 55 रन और टी20 में 546 रन बनाए हैं. वहीं, आईपीएल में वह केकेआर की टीम के सबसे अहम खिलाड़ियों में से एक हैं।