जम्मू कश्मीर में अमरनाथ यात्रा मार्ग पर कई जगहों पर लैंडस्लाडड की घटनाएं सामने आ रही हैं. इसकी वजह से बालटाल मार्ग पर 10 तीर्थयात्री घायल हो गए. इसके साथ फ्लैश फ्लड की चपेट में भी कई यात्री आ गए हैं. ऐसे में आज यानी गुरुवार को अमरनाथ यात्रा को स्थगित कर दिया गया है. आज ये यात्रा जम्मू बेस कैंप से आगे नहीं बढ़ेगी. यहां के कई जिलों में लगातार तेज बारिश हो रही है.
यात्रा के दौरान एक की मौत, 10 घायल
इस घटना में करीब दस यात्रियों के घायल होने की सूचना मिली है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार लैंडस्लाइड की घटना में घायलों को तुरंत नजदीक के चिकित्सा सुविधा केंद्र में इलाज के लिए पहुंचाया जा रहा है. इस बीच घायल अवस्था में लाई राजस्थान की एक महिला को मृत पाया गया. वह 55 वर्ष की थी.
नेशनल हाईवे का धार रोड जाम
उधमपुर जिले में धार रोड पर भूस्खलन की वजह से कई सड़कें बंद हो गई हैं. नेशनल हाईवे का धार रोड करीब एक घंटे तक अवरुध रहा. इसका असर अमरनाथ यात्रा पर भी पड़ा है. रास्तों में जाम के हालात दिखे. पिछले साल भी ऐसे ही हालात थे. खराब मौसम ने अमरनाथ यात्रा प्रभावित हुई थी. 2023 में भी बारिश और भूस्खलन के कारण कई बार यात्रा को रोकना पड़ा था.
मौसम विभाग ने दी चेतावनी
अमरनाथ यात्रा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. यहां पर अब तक करीब ढाई लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं, जिन्होंने बाबा बर्फानी के दर्शन किए हैं. अमरनाथ यात्रा मार्ग पर हाई सिक्यूरिटी है. इस मार्ग को 1 जुलाई से 10 अगस्त तक ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है. मार्ग पर ड्रोन, यूएवी और गुब्बारे प्रतिबंधित हैं. मौसम विभाग के अनुसार, क्षेत्र में भारी बारिश हो सकती है. यहां पर तेज बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है. यात्रियों को सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है.
मार्ग होते हैं चुनौतीपूर्ण
आपको बता दें कि अमरनाथ यात्रा दो मुख्य मार्गों से होकर पूरी होती है. पहला पहलगाम मार्ग है. यह 48 किलोमीटर का रास्ता है, वहीं दूसरा बालटाल मार्ग जो 14 किलोमीटर का मार्ग है. पहलगाम मार्ग काफी लंबा है. मगर यह कम कठिनाई भरा है, जबकि बालटाल मार्ग छोटा तो है लेकिन खतरों से कम नहीं है. इस मार्ग पर श्रद्धालुओं को खास गर्म कपड़ों और आवश्यक सामान को साथ रखने की सलाह दी जाती है. यहां पर मौसम का कोई ठिकाना नहीं है. इस मार्ग पर अकसर लैंडस्लाइड की घटनाएं होती रहती हैं.