जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार सुबह अमरनाथ यात्रा से लौट रहे श्रद्धालुओं की बस एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। गुंड इलाके में 39 तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और एक मकान पर जा गिरी। हादसे में करीब 30 श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंच गईं।
बेकाबू होकर मकान पर गिरी बस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस खतरनाक पहाड़ी मार्ग से गुजर रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते बस सड़क से नीचे फिसलकर एक मकान पर जा गिरी। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने भी बिना देर किए राहत कार्य शुरू कर दिया और घायलों की मदद में जुट गए।
सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, सेना और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। संयुक्त बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार अधिकांश श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं और सभी का इलाज अस्पताल में चल रहा है। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
ये भी पढ़ें : 1 अगस्त से बदल सकते हैं LPG Cylinder के दाम, जानिए महंगाई से राहत मिलेगी या फिर बढ़ेगा गैस का खर्च
उपराज्यपाल ने लिया संज्ञान
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर दुख जताते हुए बताया कि उन्होंने गांदरबल के उपायुक्त और स्वास्थ्य अधिकारियों से बातचीत कर घायलों की स्थिति की जानकारी ली है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को सभी श्रद्धालुओं के बेहतर इलाज और हर जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घायल यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।
28 अगस्त तक चलेगी यात्रा
इस वर्ष श्री अमरनाथ यात्रा की शुरुआत 2 जुलाई से हुई थी और इसका समापन 28 अगस्त को होगा। अब तक 4.15 लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ गुफा समुद्र तल से लगभग 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यात्रा पारंपरिक पहलगाम मार्ग और बालटाल मार्ग, दोनों रास्तों से संचालित की जा रही है, जहां श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।