अमेरिका के व्हाइट हाउस के पास शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक हथियारबंद शख्स ने सुरक्षा चौकी के नजदीक पहुंचकर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। अमेरिकी समयानुसार शाम करीब 6 बजे हुई इस घटना ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावर ने अपने बैग से बंदूक निकालकर सुरक्षाकर्मियों को निशाना बनाया और करीब 30 राउंड गोलियां चलाईं। उस समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस परिसर में ही मौजूद थे।
तुरंत संभाला मोर्चा
अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने बताया कि घटना 17वीं स्ट्रीट और पेंसिल्वेनिया एवेन्यू के पास हुई। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की और हमलावर को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल आरोपी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अधिकारियों के अनुसार इस दौरान एक राहगीर भी गोली लगने से घायल हो गया।
Preliminary statement regarding the shooting incident on 17th Street and Pennsylvania Avenue. pic.twitter.com/VK6WWAfH3e
— U.S. Secret Service (@SecretService) May 24, 2026
जवाबी कार्रवाई के दौरान हमलावर ढेर
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घायल राहगीर को हमलावर की गोली लगी या फिर जवाबी कार्रवाई के दौरान चली गोली से वह जख्मी हुआ। राहत की बात यह रही कि सीक्रेट सर्विस के किसी अधिकारी को चोट नहीं आई और राष्ट्रपति ट्रंप पूरी तरह सुरक्षित रहे।
घटना की पुष्टि
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने भी सोशल मीडिया के जरिए घटना की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, जनता को अपडेट दिया जाएगा। वहीं मेट्रोपॉलिटन पुलिस विभाग ने लोगों से घटना स्थल से दूर रहने की अपील की है।
हिंसक घटनाओं का गवाह
गौरतलब है कि यह इलाका पहले भी हिंसक घटनाओं का गवाह रह चुका है। पिछले साल नवंबर में भी यहां एक हमले में वेस्ट वर्जीनिया नेशनल गार्ड के दो जवानों को निशाना बनाया गया था। इसके अलावा हाल ही में डोनाल्ड ट्रंप पर कथित हमले की साजिश का मामला सामने आने के बाद व्हाइट हाउस और आसपास के इलाकों की सुरक्षा पहले से ज्यादा कड़ी कर दी गई है।