Cancer Treatment: कैंसर एक बेहद गंभीर बीमारी है, ये तो सभी लोग जानते हैं। कैंसर की नई दवाएं बनाने के लिए वैज्ञानिक लगातार प्रयास कर रहे हैं। अब अमेरिकी वैज्ञानिकों ने कैंसर की एक ऐसी दवा बनाने का दावा किया है, जो खतरनाक फंगस एस्परगिलस फ्लेवस से तैयार की गई है। जी हां वैज्ञानिकों की मानें तो यह दवा न केवल कैंसर कोशिकाओं को मारने में सक्षम है, बल्कि भविष्य में अन्य दवाएं बनाने में भी मदद कर सकती है।
कैंसर को खत्म करने में कर सकता है मदद
बता दें कि एस्परगिलस फ्लेवस नाम का फंगस जिसे बड़े प्यार से ‘फिरौन का श्राप’ भी कहा जाता है। यह फंगस अपने अंदर एक ऐसी चीज छुपाए बैठा है जो कैंसर को खत्म करने में मदद कर सकता है। यह खोज कैंसर के इलाज के क्षेत्र में एक बहुत बड़ी उम्मीद जगा रही है।
वैज्ञानिक भी रह गए हैरान
23 जून को ‘नेचर केमिकल बायोलॉजी’ में छपी रिसर्च में बताया गया है कि वैज्ञानिकों ने इस फंगस से कुछ एकदम नए किस्म के छोटे-छोटे अणु अलग किए और इन्हें ल्यूकेमिया (Blood Cancer) की कोशिकाओं पर आजमाया। इसके बाद जो रिजल्ट आया उसको देखकर वैज्ञानिक भी हैरान रह गए। इस शोध से वैज्ञानिकों को पता चला इनमें कैंसर से लड़ने वाले केमिकल्स की मात्रा काफी ज्यादा है। इनमें बड़े जबरदस्त कैंसर-रोधी अणु मौजूद हैं। इन अणुओं का नाम उन्होंने ‘एस्पेरिगिमाइसिन’ (Asperigimycins) रखा है। इसे देख वैज्ञानिकों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा।