Amid Gas Shortage: जम्मू-कश्मीर के भद्रवाह इलाके में गैस सिलेंडरों की जमाखोरी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 75 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए और इस अवैध कारोबार में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और सप्लाई में रुकावट के कारण गैस की कमी बढ़ रही है, जिसका फायदा उठाकर कुछ लोग सिलेंडरों की जमाखोरी कर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचने की तैयारी कर रहे थे।
पुलिस की छापेमारी
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई खास सूचना मिलने के बाद की गई। एसएसपी डोडा संदीप मेहता के निर्देश पर भद्रवाह थाना पुलिस की टीम ने इलाके में छापा मारा। जानकारी मिली थी कि कुछ लोग एलपीजी सिलेंडर अवैध तरीके से जमा कर आम लोगों को ज्यादा कीमत पर बेच रहे हैं, जिससे सरकारी सप्लाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी।
तीन आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से तीन लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान उनके पास बड़ी संख्या में एलपीजी सिलेंडर पाए गए। पुलिस के अनुसार, इन सिलेंडरों को पहले जमा किया गया था और बाद में महंगे दामों पर बेचने की योजना बनाई जा रही थी।
यह भी देखेंः13 साल का संघर्ष खत्म, सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बाद हरीश राणा को मिलेगी सम्मानजनक विदाई
75 सिलेंडर जब्त
पुलिस ने बताया कि एक आरोपी अब्दुल हमीद के पास से 8 भरे हुए और 15 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। वहीं दूसरे आरोपी गुलाम रसूल के कब्जे से 28 भरे हुए और 24 खाली सिलेंडर मिले। इस तरह कुल मिलाकर 75 एलपीजी सिलेंडर पुलिस ने जब्त कर लिए।
जांच जारी
इस मामले में भद्रवाह थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा है कि आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।