PM Modi Live: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को बड़ा भरोसा दिया है कि भारत में लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यों के मुख्यमंत्रियों और उपराज्यपालों के साथ बैठक में उन्होंने हालात की समीक्षा की और कहा कि “टीम इंडिया” के रूप में मिलकर काम करते हुए देश इस चुनौती से सफलतापूर्वक निपट सकता है।
सप्लाई चेन मजबूत करने पर जोर
प्रधानमंत्री ने राज्यों से अपील की कि वे आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई चेन को सुचारु रखें। उन्होंने जमाखोरी और मुनाफाखोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा, ताकि बाजार में कृत्रिम संकट न पैदा हो। साथ ही राज्य और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने और प्रशासनिक सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।
लगातार निगरानी
पीएम मोदी ने बताया कि 3 मार्च से एक इंटर-मिनिस्ट्रियल ग्रुप रोजाना हालात की समीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि बदलती परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बनाना जरूरी है। केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल, समय पर जानकारी साझा करना और संयुक्त फैसले लेना इस समय सबसे अहम है।
यह भी देखेंःAAP attacks Dahod rally: दाहोद रैली में AAP का हमला, केजरीवाल-मान ने गुजरात सरकार को घेरा
अफवाहों और पैनिक से बचाव
प्रधानमंत्री ने गलत जानकारी और अफवाहों को रोकने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सही और भरोसेमंद जानकारी समय पर लोगों तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि किसी तरह की घबराहट न फैले। साथ ही ऑनलाइन फ्रॉड और फर्जी एजेंटों से सावधान रहने की भी सलाह दी गई।
ऊर्जा और भविष्य की तैयारी
बैठक में बायोफ्यूल, सोलर एनर्जी और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी जैसे वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बताया कि सरकार एलपीजी की उपलब्धता सुनिश्चित करने और ईंधन पर एक्साइज ड्यूटी कम करने जैसे कदम उठा रही है। सभी राज्यों ने भी भरोसा जताया कि आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई पर्याप्त है और वे केंद्र के साथ मिलकर हालात को संभालने के लिए तैयार हैं।