Amit Shah attacks Tamil Nadu: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु में एक चुनावी रैली के दौरान डीएमके सरकार पर जोरदार हमला बोला. पुडुकोट्टई में आयोजित बीजेपी की विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि डीएमके के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार पूरे देश में सबसे भ्रष्ट सरकार है. उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) आने वाले विधानसभा चुनावों में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल दोनों राज्यों में सत्ता में आएगा. शाह ने कहा कि 2024 के बाद देश के कई राज्यों में बीजेपी और एनडीए की जीत का सिलसिला जारी है और अब दक्षिण भारत में भी बदलाव का समय आ गया है.
परिवारवाद और भ्रष्टाचार पर सीधा हमला
अमित शाह ने डीएमके पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि तमिलनाडु की राजनीति को एक ही परिवार तक सीमित कर दिया गया है. उन्होंने कहा, “पहले करुणानिधि, फिर स्टालिन और अब उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाने का सपना देखा जा रहा है, लेकिन यह सपना कभी पूरा नहीं होगा.” शाह ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार का पूरा ध्यान जनता की समस्याओं को हल करने के बजाय सत्ता के उत्तराधिकार को सुरक्षित करने पर है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या भ्रष्ट मंत्रियों की फौज के साथ कोई राज्य आगे बढ़ सकता है.
यह भी देखेंःBloody Attack in Nigeria: नाइजीरिया में खूनी हमला, गांव पर धावा, 30 से ज्यादा लोगों की मौत, कई लोग किए अगवा
कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर सवाल
गृह मंत्री ने राज्य की कानून-व्यवस्था और खासकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी डीएमके सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु में माताओं और बहनों की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं रह गई है. शाह ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन जनता की बुनियादी जरूरतों पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक परिवार को आगे बढ़ाने में लगे हुए हैं. अपने दो दिवसीय तमिलनाडु दौरे के दौरान अमित शाह ने पार्टी नेताओं के साथ बैठक कर आगामी चुनावों की रणनीति पर भी चर्चा की, जिसे राज्य में बीजेपी की सक्रियता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.