Amit Shah Bhopal: केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल आ सकते हैं। उनके संभावित दौरे को लेकर BHEL दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय पशुपालक सम्मेलन की तैयारियां प्रस्तावित हैं। सम्मेलन में बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों के शामिल होने की संभावना है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश और गुजरात समेत चार राज्यों के सहकारिता मंत्रियों की बैठक भी प्रस्तावित बताई जा रही है। हालांकि, शाह के दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है।
पशुपालकों और डेयरी सेक्टर पर फोकस
मध्यप्रदेश सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण एवं कृषि विकास वर्ष के रूप में मना रही है। इसी कड़ी में प्रस्तावित सम्मेलन में डेयरी और पशुपालन क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो सकती है। सहकारिता के जरिए दुग्ध उत्पादकों को बेहतर बाजार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर फोकस रहने की संभावना है। केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के अनुसार, देश में करीब 1.41 लाख प्राथमिक डेयरी सहकारी समितियां हैं, जिनसे लगभग 1.5 करोड़ सदस्य जुड़े हैं।
स्टेट फूड सेंट्रल लैब का शुभारंभ भी प्रस्तावित
कार्यक्रम के दौरान स्टेट फूड सेंट्रल लैब और फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी के शुभारंभ की तैयारी भी बताई जा रही है। फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी में दूध, दही, छाछ और अन्य डेयरी उत्पादों को मशीन आधारित प्रक्रिया से तैयार करने की योजना है। इसका उद्देश्य डेयरी उत्पादन में तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाना है।
चार राज्यों के सहकारिता मंत्री होंगे शामिल
प्रस्तावित बैठक में मध्यप्रदेश और गुजरात समेत चार राज्यों के सहकारिता मंत्रियों के शामिल होने की बात सामने आई है। इसमें डेयरी सहकारी समितियों के विस्तार, किसानों और पशुपालकों से जुड़ी सहकारी गतिविधियों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर चर्चा हो सकती है। सहकारिता मंत्रालय की प्रमुख पहलों में ‘सहकार से समृद्धि’ और ‘व्हाइट रिवोल्यूशन 2.0’ भी शामिल हैं।
BJP पदाधिकारियों से बैठक की भी संभावना
भोपाल प्रवास के दौरान अमित शाह के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने की संभावना भी बताई जा रही है। इसमें संगठन से जुड़े विषयों और सेवा संकल्प अभियान सहित आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा गृह मंत्री के रूप में आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों के साथ बैठक की तैयारी की जानकारी भी सामने आई है।