Amit Shah Big Statement: भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, नई न्याय व्यवस्था और नशे के खिलाफ अभियान को लेकर कई घोषणाएं और दावे किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की। इस दौरान उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से प्रतिदिन 3 लाख लीटर दूध प्रसंस्करण क्षमता वाले प्लांट का डिजिटल भूमि-पूजन किया गया।
नई न्याय व्यवस्था को लेकर अमित शाह ने कही ये बात
अमित शाह ने अपने संबोधन में पुरानी न्याय व्यवस्था में लंबे समय तक चलने वाले मुकदमों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नए आपराधिक कानूनों के लागू होने के बाद न्याय प्रक्रिया में बदलाव आया है और सरकार का लक्ष्य लोगों को समय पर न्याय उपलब्ध कराना है। सम्मेलन के दौरान नए आपराधिक कानूनों पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया गया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
दुग्ध उत्पादन को लेकर अमित शाह ने केंद्र की पिछली और मौजूदा सरकारों के कार्यकाल की तुलना की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद के दशकों में देश का दूध उत्पादन करीब 14 करोड़ टन तक पहुंचा था, जबकि मोदी सरकार के कार्यकाल में यह बढ़कर करीब 25 करोड़ टन हो गया। इसी दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी राजनीतिक निशाना साधा और कहा कि दुग्ध उत्पादन में आगे रहने वाले कई राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं।
यह भी देखेंःज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली समेत कई शहरों में प्रदर्शन, जंतर-मंतर मामले में तीन FIR
भोपाल में भी नई सुविधाएं
सम्मेलन के दौरान उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 3 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र की आधारशिला रखी गई। इसके अलावा भोपाल में 40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले प्रोडक्ट डेयरी प्लांट और 12.42 करोड़ रुपये की लागत से तैयार राज्य स्तरीय केंद्रीय प्रयोगशाला का उद्घाटन किया गया। शिवपुरी के मिनी डेयरी प्लांट के सुदृढ़ीकरण कार्य को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया।
नशे के खिलाफ अभियान का भी जिक्र
अमित शाह ने गोवंश संवर्धन और नस्ल सुधार के लिए 50 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने के लिए तकनीकी उपायों पर काम करने का भी उल्लेख किया। इसके साथ ही उन्होंने मध्य प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की बात कही और कहा कि सरकार इस दिशा में अभियान को आगे बढ़ाएगी।