बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने दीपावली के मौके पर अपने प्रशंसकों को शुभकामनाएं दी हैं। हालांकि, उनके संदेश में कही गई एक बात ने फैंस की चिंता बढ़ा दी। अमिताभ ने अपने टम्बलर ब्लॉग पर बताया कि जिस हाथ से वह लिखते हैं, उसमें कुछ परेशानी हो रही है। इसी वजह से वह लोगों के संदेशों और शुभकामनाओं का जवाब देने में देरी कर रहे हैं। यह पोस्ट ऐसे समय आई है, जब उनकी तबीयत खराब होने को लेकर खबरें सामने आई थीं।
हाथ में परेशानी के कारण जवाब में देरी
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग की शुरुआत दीपावली और चतुर्दशी की बधाई देकर की। उन्होंने सभी के लिए स्नेह, सम्मान और शुभ मंगल की कामना की। बिग बी ने बताया कि त्योहार पर उन्हें बड़ी संख्या में लोगों की ओर से शुभकामनाएं और उपहार मिल रहे हैं। वह हर किसी के स्नेह का सम्मान करते हैं और अपनी ओर से पत्र लिखकर जवाब देने की कोशिश भी कर रहे हैं। लेकिन हाथ में परेशानी के कारण वह खुद लिखकर जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
उपहारों के लिए जताया आभार
अमिताभ ने अपने ब्लॉग में लिखा कि लोगों की ओर से लगातार भेंट और शुभकामनाएं मिल रही हैं। इतनी भेंट आ रही हैं कि अब उन्हें रखने की जगह कम पड़ने लगी है। उन्होंने कहा कि किसी के दिए उपहार को सही तरीके से न रखना उसका अनादर होगा। इसलिए वह अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों के स्नेह को स्वीकार करते हैं और उनका आभार जताते हैं। साथ ही उन्होंने जवाब देने में हो रही देरी के लिए माफी भी मांगी।
‘क्षमा प्रार्थी’ शब्द पर कही खास बात
बिग बी ने अपने संदेश में माफी मांगने को लेकर भी विचार साझा किए। उन्होंने लिखा कि कई बार परिस्थितियां ऐसी हो जाती हैं कि क्षमा मांगनी पड़ती है। उनके मुताबिक, माफी मांगने से कोई गलत नहीं हो जाता। सामने वाला उसे स्वीकार कर सकता है या इनकार कर सकता है। अगर वह माफ कर देता है तो मन में शांति और संतुष्टि आती है, जबकि इनकार करने पर मन में चुभन रह सकती है। उन्होंने इसे जीवन की विविधता और परिस्थितियों से जुड़ा बताया।
तबीयत खराब होने की खबरों पर चर्चा
इससे पहले खबरें आई थीं कि अमिताभ बच्चन की तबीयत खराब होने के कारण टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' की शूटिंग रोक दी गई है। हालांकि, उनकी सेहत को लेकर आई खबरों के बीच यह भी स्पष्ट किया गया कि तबीयत खराब होने की चर्चा अफवाहों पर आधारित थी। अब उनके ब्लॉग में हाथ में परेशानी का जिक्र आने के बाद प्रशंसक उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं।
एक हफ्ते से रुकी है केबीसी की शूटिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि 'कौन बनेगा करोड़पति' की शूटिंग पिछले एक हफ्ते से रुकी हुई है। इसकी वजह अमिताभ बच्चन की खराब तबीयत बताई गई है। शो का आखिरी बड़ा सेलिब्रिटी एपिसोड पहले ही शूट किया जा चुका है। इसमें फिल्म 'रामायण' की टीम से रणबीर कपूर, साई पल्लवी और रवि दुबे शामिल हुए थे। फिलहाल अमिताभ की ओर से ब्लॉग में हाथ की परेशानी का जिक्र ही सामने आया है।