दिल्ली के गांधी विहार में हुई एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पुलिस को भी हैरान कर दिया। यहां UPSC की तैयारी कर रहे रामकेश मीणा की हत्या उसकी लिव-इन पार्टनर अमृता चौहान ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर की। घटना को हादसा दिखाने के लिए अमृता ने लाश पर तेल, घी और शराब डालकर आग लगाई, ताकि सबको लगे कि सिलेंडर फटने से मौत हुई है। लेकिन फॉरेंसिक जांच ने पूरे खेल का पर्दाफाश कर दिया।
फॉरेंसिक स्टूडेंट ने रची साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि अमृता चौहान फॉरेंसिक साइंस की छात्रा है। उसने अपनी पढ़ाई का गलत इस्तेमाल करते हुए सबूत मिटाने की कोशिश की। उसने यूपी के मुरादाबाद से अपने एक्स-बॉयफ्रेंड सुमित कश्यप और उसके साथी संदीप कुमार को इस हत्या में शामिल किया। तीनों ने योजना बनाकर रामकेश मीणा की हत्या की और इसे गैस सिलेंडर ब्लास्ट जैसा दिखाया।
हार्ड डिस्क बना हत्या की वजह
अमृता को पता चला कि रामकेश ने उसके निजी वीडियो एक हार्ड डिस्क में सेव कर लिए हैं। जब उसने उन्हें डिलीट करने से मना किया, तो अमृता ने बदले की ठान ली। उसने सुमित की मदद से 5 अक्टूबर की रात यह वारदात अंजाम दी। सुमित और संदीप ने मीणा का गला घोंट दिया, जबकि अमृता ने लाश पर तेल, घी और शराब डालकर आग लगा दी।
LPG सिलेंडर से बनाया ‘एक्सीडेंट’ का सीन
सुमित एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के तौर पर काम करता था। उसे पता था कि सिलेंडर फटने में कितना समय लगता है। उसने किचन से सिलेंडर निकालकर रेगुलेटर खोल दिया और लाश के पास रखकर आग लगा दी। कुछ देर बाद सिलेंडर फटा और पूरी लाश जल गई।
CCTV और कॉल रिकॉर्ड से खुला राज
पुलिस ने CCTV फुटेज और कॉल रिकॉर्ड के जरिए इस हत्या की गुत्थी सुलझाई। अमृता और उसके दो साथी घटना के वक्त फ्लैट में मौजूद थे। मुरादाबाद से गिरफ्तारी के बाद अमृता ने अपराध कबूल किया। पुलिस ने हार्ड डिस्क, लैपटॉप और मोबाइल जब्त कर केस दर्ज किया है।