
अमृतसर के छेहरटा के पास पुलिस की ड्रग तस्कर 'लकी' से मुठभेड़ हो गई। इस दौरान उसके पास से 3 किलो 154 ग्राम हेरोइन, तीन मोबाइल फोन और अन्य सबूत मिले हैं। घटनास्थल का जायजा लेने के लिए पहुंचे अमृतसर के पुलिस कमिश्नर ने जानकारी दी कि सीएम की ओर से चलाए जा रहे नशे के खिलाफ अभियान के तहत यह एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी लकी पर पहले से ही 307 समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। उसके साथी निर्मल पर भी चोरी और स्नैचिंग के दो मामले दर्ज हैं। इस गिरोह का तीसरा साथी माणिक फिलहाल फरार है।
यूरोप के ड्रग तस्करों के संपर्क में आया
पुलिस ने बताया कि एसएचओ विनोद कुमार की टीम ने पहले 150 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इसके बाद कड़ी पूछताछ के दौरान 3 किलो और हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में पता चला कि लकी 2024 में दुबई गया था। वापस आकर वह पाकिस्तान और यूरोप के ड्रग तस्करों के संपर्क में आया। उसके जरिए बड़ी खेप भारत में आयात करके आगे बेची जाती थी। निर्मल इस खेप के वितरण का काम संभालता था।
एएसआई की 38 बोर की रिवॉल्वर छीन ली
लकी ने मंगलवार की सुबह पुलिस को और हेरोइन बरामद होने की बात बताई। जब उसे गुरु की वडाली इलाके में लाया गया, तो उसने एएसआई जयवीर की 38 बोर की रिवॉल्वर छीन ली। पुलिस पर फायरिंग कर दी। एएसआई लखविंदर पाल ने पहले हवा में चेतावनी के तौर पर गोली चलाई। इस दौरान जवाबी कार्रवाई में जब आरोपियों ने दोबारा गोली चलाई, तो वह घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि माणिक की गिरफ्तारी बाकी है और आगे की तकनीकी जांच जारी है। इस कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि लकी बड़े पैमाने पर ड्रग तस्करी का धंधा करता था। इसके नेटवर्क में देश-विदेश के तस्कर शामिल हैं।