मेरठ। एयर फोर्स के सार्जेंट से प्लाट दिलाने के नाम पर प्रापर्टी डीलर व एक किसान ने 13 लाख की धोखाधड़ी कर ली। मामले के पता चलने पर सार्जेंट ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी ने सीओ सरधना को जांच के आदेश दिए हैं और सार्जेंट को जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। रोहटा थाना क्षेत्र सतवई गांव निवासी रजनीश भारतीय वायु सेना में सार्जेंट के पद पर तैनात हैं। रजनीश ने बताया, वर्ष 2017 में कंकरखेड़ा स्थित बालाजी गार्डन फेज- 2 शोभापुर में खसरा संख्या 168 का एक प्रॉपर्टी डीलर के माध्यम से इखलास डाबका गांव निवासी किसान रामनिवास से बैनामा किया। उप निबंधक मेरठ चतुर्थ सदर के समक्ष जींद संख्या 5458 पृष्ठ संख्या 1 से 28 क्रमांक संख्या 3886 यह बैनामा हुआ था। रजनीश ने बताया, उसने किसान रामनिवास को दो चेक के माध्यम से 6.03 लाख रुपये और 20 हजार रुपये नकद दिए थे, जबकि प्रॉपर्टी डीलर ने छह लाख रुपये नकद लिए थे। सौदे के समय वहां कई लोग गवाह के रूप वहां मौजूद थे।
बैनामा होने के बाद वह ड्यूटी पर चले गए थे। रजनीश ने बताया, पिछली बार जब वह ड्यूटी पर गए थे तो प्लॉट की बाउंड्री करा कर गए थे। अब वह दिवाली की छुट्टी पर आए थे। दिवाली के दो दिन बाद जब वह अपने प्लॉट पर पहुंचे तो देखा कि प्लाट की चार दीवारी गायब थी और प्लॉट खुर्द हो चुका था। आसपास के लोगों से पूछताछ की तो पता चला कि जो प्लॉट उन्होंने खरीदा था वह किसी ट्रस्ट का है। असल में उनके कागजों में जो खसरा नंबर है, वह प्लॉट पहले से बिका हुआ था।
प्रॉपर्टी डीलर ने मामले से पल्ला झाड़ा
रजनीश ने बताया, प्रॉपर्टी डीलर को पूरा मामला बताया तो उसने मदद करने से हाथ खड़े कर दिए। प्रापर्टी डीलर कहना था कि वह प्लॉट का सौदा करा चुका है और बैनामा भी हो चुका है। उसको उसके रुपये मिल चुके हैं। वह किसान के पास भी गए, लेकिन उसने भी मिलने से मना कर दिया। रजनीश ने शुक्रवार को पूरे मामले की शिकायत एसएसपी डा. विपिन ताडा से की। रजनीश बताया, एसएसपी ने पूरा मामला जांच सीओ सरधना को सौंपी है और जांच के बाद आरोपियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।