Hapur News: नगर कोतवाली क्षेत्र में बाइक की टक्कर से गंभीर रूप से घायल एक कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत हो गई है। घटना के करीब दस दिन बाद मृतक के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बिहार के समस्तीपुर जिले के थाना मुफस्सिल क्षेत्र के गांव मोरदीवा के मृणाल ऋषि राज ने बताया कि उनके पिता विनोद सिंह (62 वर्षीय) पिछले लगभग 15 वर्षों से हापुड़ नगर क्षेत्र के गांव बदनौली स्थित आरएसी पेपर लिमिटेड कंपनी में कार्यरत थे। 15 फरवरी 2026 की सुबह करीब सात बजे वह कंपनी के गेट के सामने हापुड़-मोदीनगर रोड किनारे स्थित एक चाय की दुकान पर चाय पीने गए थे। इसी दौरान मोदीनगर की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे अनियंत्रित बाइक के चालक ने लापरवाही से पिता जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विनोद सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक चालक और वाहन को पकड़ लिया और घायल को तत्काल स्थानीय अस्पताल पहुंचाया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ के एनसीआर मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर के लिए रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 25 फरवरी 2026 को सुबह करीब नौर बजकर 17 मिनट पर पिता मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव स्वजन को सौंप दिया गया। अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक क्रियाकर्म के कारण तहरीर देने में देरी हो गई। बाद में पुलिस को घटना की तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय ने बताया आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।