Greater Noida News: शेयर बाजार में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने एक इंजीनियर से 50 लाख रुपए हड़प लिए। पीड़ित ने जब रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने अतिरिक्त कर जमा करने का दबाव बनाया। रकम न देने पर ठगों ने संपर्क तोड़ लिया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमेरिका से लौटे एक्सपर्ट का दावा
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की उपवन सोसाइटी निवासी राजेंद्र डोगरा गुजरात की एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत हैं। उन्हें शेयर बाजार में निवेश का शौक है। 20 सितंबर को कथित प्रवीण पटेल नामक व्यक्ति ने फोन कर खुद को अमेरिका से लौटा शेयर मार्केट एक्सपर्ट बताया। उसने राजेंद्र को एक ऑनलाइन ग्रुप में जोड़कर प्रशिक्षण देना शुरू किया।
शुरुआती निवेश से बनाया भरोसा
ठगों ने राजेंद्र से सेबी पंजीकृत बताई गई टेनकोर नामक एप पर पंजीकरण कराया। शुरुआत में 50 हजार रुपए निवेश कराए और दो दिन बाद नौ हजार रुपए खाते में भेजकर विश्वास दिलाया। इसके बाद राजेंद्र लगातार ठगों के कहने पर रकम भेजते रहे।
19 दिन में 50 लाख गंवाए
चार अक्टूबर से 23 अक्टूबर के बीच राजेंद्र ने कई किश्तों में कुल 50 लाख रुपए निवेश कर दिए। जब उन्होंने मुनाफे समेत रकम निकालने का प्रयास किया तो ठगों ने 15 प्रतिशत कर जमा करने की शर्त रखी। रकम न देने पर ठगों ने संपर्क तोड़ लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पीड़ित ने एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाना पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी विजय सिंह राणा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ठगी में संलिप्त बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है और रकम को फ्रीज कराने की प्रक्रिया चल रही है। ठगों की तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है।