NCRTC: लंबी दूरी के यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एनसीआरटीसी) ने आनंद विहार नमो भारत स्टेशन को मिनी-ट्रैवल हब के रूप में विकसित करने की योजना तैयार की है। इसी योजना के तहत स्टेशन परिसर में 30 बेड वाला आधुनिक पॉड होटल और फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट शुरू किया जाएगा।
यात्रियों का सफर ज्यादा आरामदायक बन सके
एनसीआरटीसी अधिकारियों के अनुसार, पॉड होटल खासतौर पर उन यात्रियों के लिए होगा, जिन्हें ट्रेन बदलने के दौरान कुछ घंटे रुकने या रात ठहरने की जरूरत पड़ती है। यह होटल पारंपरिक होटलों से अलग होगा, जहां बड़े कमरे नहीं बल्कि छोटे और सुरक्षित पॉड उपलब्ध कराए जाएंगे। हर पॉड में आरामदायक बेड, चार्जिंग पॉइंट, लाइटिंग, वेंटिलेशन और प्राइवेसी की व्यवस्था होगी। यात्रियों के लिए यह 2 से 4 घंटे के शॉर्ट स्टे से लेकर ओवरनाइट स्टे तक एक किफायती और सुविधाजनक विकल्प होगा।
स्टेशन पर सिर्फ ठहरने की सुविधा ही नहीं, बल्कि खाने-पीने का स्तर भी बदलेगा। एनसीआरटीसी यहां फाइन डाइनिंग रेस्टोरेंट शुरू करने जा रहा है, जहां यात्रियों और कम्यूटर्स को हाई क्वालिटी फूड मिलेगा। इसके साथ ही अन्य कमर्शियल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, ताकि यात्रियों का सफर ज्यादा आरामदायक बन सके।
आधुनिक ट्रैवल हब के रूप में नई पहचान मिलेगी
आनंद विहार पहले से ही दिल्ली का बड़ा मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब है, जहां नमो भारत ट्रेन, मेट्रो, रेलवे और बस सेवाएं एक साथ जुड़ी हैं। अब पॉड होटल और फाइन डाइनिंग जैसी सुविधाओं के जुड़ने से यह स्टेशन चीन और जापान के हाई-स्पीड रेल स्टेशनों की तर्ज पर विकसित होता नजर आएगा। एनसीआरटीसी अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से यात्रियों का अनुभव बेहतर होगा और स्टेशन को आधुनिक ट्रैवल हब के रूप में नई पहचान मिलेगी।