Anant Ambani Gift Delivery Agent : कभी-कभी जिंदगी में एक छोटी सी मदद भी किसी के लिए बहुत बड़ी खुशी बन जाती है। मुंबई में ब्लिंकिट के डिलीवरी एजेंट सुजीत के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ। रोज की तरह साइकिल से सामान पहुंचाने निकले सुजीत को शायद अंदाजा भी नहीं था कि उनका यह दिन इतना खास बन जाएगा। आर्थिक परेशानी के चलते दोपहिया गाड़ी नहीं खरीद पाने वाले सुजीत को ऐसा सरप्राइज मिला कि उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। इस भावुक पल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। चलिए जानते हैं पूरा मामला।
साइकिल से डिलीवरी करते दिखे सुजीत
मुंबई में सुजीत नाम के एक डिलीवरी एजेंट अपनी साइकिल से ब्लिंकिट का ऑर्डर पहुंचाने जा रहे थे। इसी दौरान समाजसेवी और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हुसैन मंसूरी ने उन्हें रास्ते में रोका। बातचीत के दौरान उन्होंने सुजीत से उनका नाम पूछा और यह भी जानना चाहा कि वह बाइक से डिलीवरी क्यों नहीं करते। इस पर सुजीत ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि कम कमाई और बढ़ती महंगाई के बीच उनके लिए बाइक खरीदना आसान नहीं है।
एक सवाल ने बदल दिया सुजीत का दिन
सुजीत की बात सुनने के बाद हुसैन मंसूरी ने उनसे पहले अपना ऑर्डर पूरा करके वापस आने को कहा। साथ ही उन्होंने एक सरप्राइज देने का वादा भी किया। सुजीत को शायद लगा होगा कि कोई छोटी-मोटी मदद मिलने वाली है, लेकिन आगे उनके लिए जो इंतजार कर रहा था, वह उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा था।
आंखों पर पट्टी बांधकर दिया खास तोहफा
जब सुजीत डिलीवरी पूरी करके वापस लौटे, तो हुसैन मंसूरी ने उनकी आंखों पर पट्टी बांधी और उन्हें एक गिफ्ट के पास ले गए। यह तोहफा लाल कपड़े से ढका हुआ था। जैसे ही कपड़ा हटाया गया, सामने एक नई स्कूटी नजर आई। मंसूरी ने बताया कि यह अनंत अंबानी की तरफ से उनके लिए तोहफा है। यह सुनकर सुजीत कुछ पल के लिए भावुक हो गए।
खुशी में रो पड़े डिलीवरी एजेंट
नई स्कूटी देखकर सुजीत खुद को संभाल नहीं पाए। वह हुसैन मंसूरी के गले लग गए और उनकी आंखों से आंसू निकलने लगे। इस दौरान वह ठीक से अपनी खुशी भी जाहिर नहीं कर पा रहे थे। उनके मुंह से बस शुक्रिया के शब्द निकले। वीडियो में सुजीत की भावुक प्रतिक्रिया लोगों का ध्यान खींच रही है। सोशल मीडिया पर इस पल को काफी पसंद किया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें : पीस बॉन्ड साइन करते ही खत्म हुआ CJP नेताओं का करियर! जस्टिस मार्कंडेय काटजू ने नेहा बोरा की तारीफ में कही बड़ी बात
अनंत सेवा फाउंडेशन की पहल से मिला तोहफा
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुजीत को दिया गया यह तोहफा अनंत सेवा फाउंडेशन की पहल का हिस्सा है। इस काम में हुसैन मंसूरी और राहुल कनाल भी जुड़े हैं। इस पहल के तहत मुंबई में मेहनत करने वाले लोगों को इलेक्ट्रिक दोपहिया गाड़ियां दी जा रही हैं। सुजीत की कहानी ने एक बार फिर दिखाया है कि डिलीवरी करने वाले लोगों के लिए आने-जाने का साधन कितना जरूरी है। उनकी यह खुशी अब सोशल मीडिया पर लाखों लोगों का दिल जीत रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो को 4.6 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है।