
Anant Singh Arrested: बाहुबली नेता और जदयू प्रत्याशी अनंत सिंह को दुलारचंद यादव हत्याकांड में गिरफ्तार कर लिया गया है। देर रात पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पटना सिविल कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने डीआईयू सेल में अनंत सिंह और अन्य आरोपियों की मेडिकल जांच कराई। इसके बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष पेशी हुई, जिसके बाद सभी को बेऊर जेल भेज दिया गया।
30 अक्टूबर को हुई थी हत्या
जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर को मोकामा क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी पीयूष प्रियदर्शी के लिए प्रचार के दौरान दुलारचंद यादव की झड़प में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद अनंत सिंह और उनके समर्थकों पर हत्या का आरोप लगाया गया था। पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस ने अनंत सिंह समेत तीन लोगों — मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम — को गिरफ्तार किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, यादव की मौत दिल और फेफड़ों को लगी गंभीर चोट से हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि घटना के समय तीनों आरोपी मौके पर मौजूद थे।
यह भी देखेंःISRO launches CMS-03: ISRO ने फिर रचा इतिहास, बाहुबली रॉकेट से 4400 किलो का CMS-03 सैटेलाइट लॉन्च
सूरजभान पर लगाया आरोप
अनंत सिंह ने पूछताछ में अपने समर्थकों और यादव के बीच झड़प की बात स्वीकार की, लेकिन हत्या के लिए उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी सूरजभान को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, सूरजभान की पत्नी वीणा देवी आरजेडी उम्मीदवार के रूप में इसी सीट से चुनाव लड़ रही हैं। इस घटना पर चुनाव आयोग ने सख्त रुख अपनाते हुए पटना ग्रामीण एसपी का तबादला कर दिया और कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं। बिहार में दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 14 नवंबर को होगी।