आंध्रा स्टाइल टमाटर का अचार : अगर रोज-रोज एक जैसी चटनी और सब्जी खाकर आप भी बोर हो गए हैं, तो खाने के साथ कुछ नया ट्राई कर सकते हैं. आंध्रा स्टाइल टमाटर का अचार स्वाद में खट्टा, तीखा और मसालेदार होता है. इसे घर पर आसानी से तैयार किया जा सकता है. दाल-चावल, पराठे, पूरी या सादी रोटी के साथ इसका स्वाद खाने का मजा बढ़ा सकता है.
टमाटर का अचार बनाने के लिए सामग्री
इस अचार के लिए पके हुए लाल टमाटर, तेल, सरसों के दाने, सूखी लाल मिर्च, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च की जरूरत होगी. स्वाद के अनुसार नमक और थोड़ा सा हल्दी पाउडर डाल सकते हैं. आंध्रा स्टाइल का खास स्वाद देने के लिए लाल मिर्च और सरसों का इस्तेमाल महत्वपूर्ण माना जाता है.
पहले टमाटर को करें तैयार
सबसे पहले टमाटरों को अच्छी तरह धोकर साफ कपड़े से पोंछ लें. अब इन्हें छोटे टुकड़ों में काट लें. एक कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करके टमाटर डालें और मध्यम आंच पर पकाएं. टमाटर तब तक पकाएं, जब तक उनका अतिरिक्त पानी कम न हो जाए और मिश्रण गाढ़ा दिखाई देने लगे.
मसालों से बढ़ेगा स्वाद
दूसरी तरफ कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें. इसमें सरसों के दाने डालें. चटकने के बाद सूखी लाल मिर्च, लहसुन, अदरक और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें. अब इसमें पके हुए टमाटर डालें और नमक व हल्दी मिलाकर कुछ मिनट तक पकाएं। मसाले अच्छी तरह मिल जाएं तो गैस बंद कर दें.
ठंडा होने के बाद करें स्टोर
अचार को पूरी तरह ठंडा होने दें. इसके बाद इसे साफ और सूखे कांच के जार में भरकर रखें. ऊपर से थोड़ा तेल डालने से अचार की सतह पर तेल की परत बन जाती है. हमेशा सूखे और साफ चम्मच का इस्तेमाल करें, ताकि अचार जल्दी खराब न हो.
खाने के साथ ऐसे करें सर्व
आंध्रा स्टाइल टमाटर का अचार चावल, दाल, रोटी, पराठे और इडली जैसे व्यंजनों के साथ परोसा जा सकता है. तीखा पसंद करने वाले लोग इसमें मिर्च की मात्रा अपने स्वाद के अनुसार बढ़ा सकते हैं. घर पर तैयार यह चटपटा अचार साधारण खाने को भी अलग स्वाद देने का आसान तरीका है.