
father killed his daughter: ग्रेटर नोएडा के सिरसा नई कॉलोनी में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना ने सभी को झकझोर दिया। कासना कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले अशोक कुमार ने पहले अपनी 20 वर्षीय बेटी संजना की हत्या कर दी और फिर खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि अशोक का शव पंखे से लटका हुआ था, जबकि बेटी का शव कमरे में ही जमीन पर पड़ा था।
प्रेम प्रसंग बना विवाद की वजह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संजना का किसी युवक से प्रेम संबंध था, जिससे अशोक कुमार काफी नाराज थे। इसी नाराजगी के चलते घर में लंबे समय से तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर अशोक ने गुस्से में आकर बेटी की गला दबाकर हत्या की और फिर आत्महत्या कर ली। एडिशनल डीसीपी सुधार कुमार ने बताया कि मौके से फॉरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए हैं और शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है।
यह भी देखेंःBank deposit slip viral: ‘सोनू की मम्मी’ की बैंक पर्ची ने जीता इंटरनेट, ममता और मासूमियत का मजेदार मेल
शांत स्वभाव के थे अशोक, पड़ोसियों को नहीं था शक
घटना से कॉलोनी और परिवार में गहरा शोक है। पड़ोसियों का कहना है कि अशोक कुमार शांत और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे, किसी को भी इस तरह के कदम की उम्मीद नहीं थी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं आई है, लेकिन मृतकों के परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।