नोएडा। थाना फेज-2 पुलिस ने श्रमिक आंदोलन के दौरान सोशल मीडिया पर प्रोपगैंडा फैलाने और हिंसा भड़काने वाले एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को फेज-2 पुलिस ने मदरसन कंपनी के पीछे हनुमान मंदिर के पास अनिल कुमार पुत्र ब्रह्मपाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार अनिल कुमार (32 वर्ष) मूल रूप से ग्राम मुक्तेशरा, थाना बाबूगढ़ छावनी, जिला हापुड़ का निवासी है और वर्तमान में नया गांव, थाना फेज-2, नोएडा में रह रहा था। आरोपी केवल 5वीं कक्षा तक पढ़ा है।
फर्जी प्रचार का खेल
पुलिस के अनुसार, अनिल कुमार सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट और वीडियो प्रसारित कर रहा था। उसमें गलत दावे किए जा रहे थे कि अनिल कुमार सरकारी कर्मचारी और यूपी पुलिस अधिकारी/डीसीपी का ड्राइवर है। वह रिचा ग्लोबल कंपनी में कार्यरत है (वह करीब 2 वर्ष पहले वहां काम कर चुका था।)
पुलिस जांच में सामने आया कि अनिल कुमार को रिचा ग्लोबल ग्रुप में किसी उपद्रवी व्यक्ति ने जानबूझकर जोड़ा था। आरोपी ने ग्रुप में हिंसात्मक पोस्ट भी डाले थे, जिसमें लिखा था — “मोदी आ रहा है, बाईपास का उद्घाटन करने के लिए, पूरा रोड जाम कर देना चाहिए।”आपराधिक इतिहास
अनिल कुमार पर पहले से धारा 126(2), 127(2), 109(1), 61(2), 326(जी) बीएनएस, थाना फेज-2, गौतमबुद्धनगर और धारा 4/25 आर्म्स एक्ट, थाना हापुड़ नगर, जिला हापुड़ में केस दर्ज हैं।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। इस मामले में हिंसा को बढ़ावा देने वाले पूरे समूह और सोशल मीडिया नेटवर्क की जांच की जा रही है।पुलिस ने इस गिरफ्तारी को श्रमिक आंदोलन की आड़ में हिंसा फैलाने वाले तत्वों पर बड़ी कार्रवाई बताया है।