
UP Crime News: गोरखपुर जिले के पिपराइच थाना क्षेत्र में पशु तस्करों ने मंगलवार तड़के NEET की तैयारी कर रहे छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद तस्कर शव उठा ले गए और छात्र के घर से करीब चार किलोमीटर दूर फेंक कर फरार हो गए। हालांकि एक तस्कर को गांव वालों ने पकड़ लिया। वहीं, घटना की सूचना पुलिस को दी गई, मौके पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया और पुलिस टीम अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई।
तस्करों ने मुंह में मारी गोली
मिली जानकारी के अनुसार तीन गाड़ियों से पशु तस्कर गांव में पहुंचे थे और वे मवेशियों को खूंटे से खोल रहे थे, तभी गांव वालों ने शोर मचाना शुरू किया और नीट छात्र उनके पीछे दौड़ा, इसके बाद तस्करों ने उसे पकड़कर उसके मुंह में गोली मार दी। छात्र की हत्या के बाद तस्करों ने शव को घर से करीब 4 किलोमीटर दूर सरैया गांव में फेंक दिया। ग्रामीणों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मृतक की पहचान दीपक गुप्ता (19) के रूप में हुई है। वहीं, ग्रामीण एक तस्कर और डीसीएम को पकड़ने में कामयाब रहे। ग्रामीणों ने तस्कर को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया और डीसीएम को आग के हवाले भी कर दिया।
अन्य तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं छात्र की हत्या की जानकारी होते ही गुस्साए ग्रामीणों ने गोरखपुर-पिपराइच रोड पर जाम लगा दिया। साथ ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर भी लोगों ने ईंट-पत्थर से मारकर घायल कर दिया और बीच बचाव के दौरान एसपी नार्थ जितेंद्र श्रीवास्तव और पिपराइच थाना प्रभारी पुरुषोत्तम घायल हो गए। वहीं, पुलिस अधिकारी परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने एक तस्कर को पुलिस के हवाले कर दिया और पुलिस अन्य तस्करों की तलाश में जुट गई है।