बुलंदशहर। औरंगाबाद थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े पशु व्यापारी से लूट की वारदात सामने आई है। बुलेट बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर व्यापारी से 93 हजार रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर उसे घायल भी कर दिया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यापारी स्याना क्षेत्र से साप्ताहिक पशु पैठ कर अपने गांव राजगढ़ी लौट रहा था। इसी दौरान गांव भंडोरिया के पास पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने तमंचा तानकर उससे नकदी लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने चाकू से हमला कर उसे डराया और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिटी समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से एक संदिग्ध लुटेरे का मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में हुई इस वारदात से व्यापारियों में दहशत का माहौल है।