Anmol Bishnoi: लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को लेकर एक बड़ा खुलासा सामने आया है। जांच में पता चला है कि वह 2021 में बनवाए गए एक फर्जी पासपोर्ट की मदद से अमेरिका पहुंचा था। इस नकली पासपोर्ट में उसका नाम बदलकर भानु प्रताप कर दिया गया था। दस्तावेजों में जन्मतिथि 15 दिसंबर 2000 दर्ज थी और माता–पिता के नाम राकेश और सुमित्रा देवी लिखे गए थे। फरीदाबाद के सेक्टर 82 का पता दर्ज होने के साथ पासपोर्ट नंबर V3534569 बतौर पहचान शामिल था। मंगलवार को अमेरिका से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद वह बुधवार को नई दिल्ली पहुंचा और अब सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में है।
कैलिफोर्निया में फर्जी दस्तावेजों संग गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, अनमोल ने भानु प्रताप नाम से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर अमेरिका में गैरकानूनी तरीके से प्रवेश किया था। नवंबर 2024 में कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में उसे अवैध दस्तावेजों के साथ गिरफ्तार किया गया। यह गिरफ्तारी तब हुई जब महाराष्ट्र की अदालत ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया और इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया। अनमोल पर बाबा सिद्दीकी की हत्या, सिद्धू मूसेवाला मर्डर और सलमान खान के घर पर गोलीबारी जैसे हाई-प्रोफाइल मामलों में संलिप्तता का आरोप है।
यह भी देखेंःभारत-अफगान रिश्तों में नई गर्माहट: वाणिज्य मंत्री अजीजी की दिल्ली यात्रा से बढ़ेगी आर्थिक साझेदारी
एनआईए की हिरासत में पूछताछ शुरू
भारत लाए जाने के बाद एनआईए ने अनमोल बिश्नोई को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है। एजेंसी ने 14 दिन की हिरासत मांगी, लेकिन कोर्ट ने उसे 11 दिन की रिमांड पर भेजा है। मेडिकल जांच के बाद बिश्नोई से गहन पूछताछ की जाएगी। एनआईए के बाद मुंबई, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा की पुलिस टीमें भी अपने-अपने मामलों में उससे पूछताछ करने की कोशिश करेंगी। कई गंभीर मामलों में आरोपी अनमोल बिश्नोई से उम्मीद है कि जांच एजेंसियों को कई अहम सुराग मिल सकते हैं।