लालकिला ब्लास्ट की दहशत अभी थमी भी नहीं थी कि गुरुवार को महिपालपुर स्थित रैडिसन होटल के पास एक जोरदार धमाके जैसी आवाज़ ने दिल्लीवालों की धड़कनें बढ़ा दीं.. गुरुग्राम जा रहे एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि रेडिसन होटल के पास अचानक धमाका हुआ है, जिसके बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई। खबर मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी और बम डिस्पोज़ल स्क्वॉड मौके पर पहुंचे।
फिर कहीं धमाका तो नहीं?
लालकिला मेट्रो गेट नंबर-1 के पास हुए हालिया कार ब्लास्ट की यादें ताज़ा थीं। लोगों ने जैसे ही धमाके की खबर सुनी, सोशल मीडिया पर संदेश फैल गए .. कुछ देर के लिए महिपालपुर से लेकर IGI एयरपोर्ट तक दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीमें और बम स्क्वॉड मौके पर पहुंची। मौके की जांच के दौरान किसी भी प्रकार का विस्फोटक या क्षति का कोई निशान नहीं मिला। स्थानीय जांच में एक सिक्योरिटी गार्ड ने बताया कि उस वक्त DTC बस (जो धौला कुआं की ओर जा रही थी) के पीछे वाले टायर में जोरदार धमाका हुआ था, जिससे आवाज़ पूरे इलाके में गूंज गई।
पुलिस अधिकारियों ने मौके का गहन निरीक्षण किया
जांच टीमों ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज, ट्रैफिक कैमरा रिकॉर्डिंग और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियातन इलाके में पेट्रोलिंग और सतर्कता बढ़ा दी है। सूत्रों का कहना है कि लालकिला कार धमाके के बाद से राजधानी में हर कॉल को गंभीरता से लिया जा रहा है। लोगों के मन में अभी भी “कहीं अगला निशाना मेरे इलाके में न हो” जैसी आशंका बनी हुई है। महिपालपुर की यह घटना भले ही टायर फटने की निकली, लेकिन इसने राजधानी की नब्ज़ में छिपे डर को फिर से उजागर कर दिया है।
क्या कहती है पुलिस
संबधित जिला पुलिस ने स्पष्ट किया “कॉल प्राप्त होते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पाया गया कि DTC बस का टायर फटने से आवाज़ आई थी। स्थिति पूरी तरह सामान्य है, और किसी भी प्रकार की विस्फोटक गतिविधि नहीं पाई गई।” पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध आवाज़ या गतिविधि की सूचना तुरंत दें, लेकिन बिना पुष्टि के सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचें।