East Delhi News: पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर नाले से अज्ञात शव मिलने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। मुल्ला कॉलोनी स्थित नाले में मिला शव थाना क्षेत्र से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर पड़ा था, जिससे स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल है।
नाले के पास पड़ा मिला शव
जानकारी के अनुसार सुबह जब लोग नाले के पास से गुजर रहे थे, तभी उनकी नजर शव पर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
पहचान अब तक नहीं हो सकी
इलाके के लोगों का कहना है कि दो दिन पहले भी न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र में इसी नाले से एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ था, जिसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। लगातार मिल रहे शवों ने आसपास के लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
जांच में जुटी पुलिस
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने, नाले के आसपास निगरानी कड़ी करने और घटनाओं की गंभीरता से जांच करने की मांग की है। आशंका जताई जा रही है कि शव कई घंटों से नाले में पड़े हो सकते हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच में जुट सकती है।