संभल हिंसा और पुलिसिया कार्रवाई के बाद चर्चा में आए एएसपी अनुज चौधरी की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. इस तस्वीर में वह मकर संक्रांति के अवसर पर गोरखपुर के गोरक्षनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करते नजर आ रहे हैं. अदालत द्वारा एफआईआर दर्ज करने के आदेश के बाद अनुज चौधरी का सीधे मुख्यमंत्री के गढ़ में जाकर मत्था टेकना कई सियासी संकेत दे रहा है. चर्चा है कि कानूनी पचड़े से बचने और अपना पक्ष मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए उन्होंने बाबा गोरखनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई है.
अखिलेश यादव का पोस्ट और पुलिसकर्मियों में 'डर'
सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अनुज चौधरी की फोटो शेयर करते हुए बीजेपी और पुलिस के गठजोड़ पर हमला बोला. उन्होंने लिखा कि "अब कोई बचाने नहीं आएगा... भाजपा का फॉर्मूला है- पहले इस्तेमाल करो फिर बर्बाद करो." अखिलेश के इस हमले ने उन पुलिस अधिकारियों की धड़कनें बढ़ा दी हैं जो विपक्षी दलों के निशाने पर रहे हैं. यह बयान ऐसे समय आया है जब संभल मामले में पुलिस और न्यायपालिका के बीच एफआईआर को लेकर खींचतान जारी है।