मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में रविवार देर रात एक भयावह सड़क हादसे ने पांच परिवारों के चिराग बुझा दिए। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पहले एक बाइक से टकराई और फिर बेकाबू होकर सड़क किनारे बने घर में घुस गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी पलट गई और मौके पर ही कई लोगों की मौत हो गई। अस्पताल ले जाए गए घायलों में से भी दो ने दम तोड़ दिया। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, झिरिया टोला से बेलिया जा रही स्कॉर्पियो ने रास्ते में एक बाइक को जोरदार टक्कर मारी। बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। हादसे से घबराया चालक भागने की कोशिश में और भी लापरवाह हो गया। नेशनल हाईवे 43 पर बेलिया के पास वाहन अनियंत्रित होकर एक मकान में घुस गया और पलट गया।
मौत और घायल
हादसे में स्कॉर्पियो चालक समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य घायलों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में एक बाइक सवार उरतान गांव का निवासी था, जबकि बाकी चार बेलिया के रहने वाले थे। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें कोतमा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मौके पर हड़कंप
भीषण टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। हादसे की सूचना मिलने पर रामनगर और बिजुरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर है।