दुनिया की बड़ी टेक कंपनी एप्पल में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। कंपनी ने ऐलान किया है कि जॉन टेर्नस नए सीईओ बनेंगे और 1 सितंबर 2026 से जिम्मेदारी संभालेंगे। मौजूदा सीईओ टिम कुक अब एग्जीक्यूटिव चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। कंपनी के मुताबिक दोनों मिलकर भविष्य की रणनीति पर काम करेंगे और एप्पल को आगे बढ़ाएंगे।
लंबे अनुभव वाले अधिकारी हैं टेर्नस
जॉन टेर्नस एप्पल के सबसे अनुभवी अधिकारियों में गिने जाते हैं। वे करीब 25 साल से कंपनी के साथ जुड़े हुए हैं और उन्होंने 2001 में प्रोडक्ट डिजाइन टीम से अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद 2013 में उन्हें हार्डवेयर इंजीनियरिंग का वाइस प्रेसिडेंट बनाया गया और 2021 में सीनियर वाइस प्रेसिडेंट के पद पर प्रमोट किया गया। इतने लंबे समय में उन्होंने कंपनी के कई बड़े प्रोजेक्ट्स में अहम भूमिका निभाई है।
कई बड़े प्रोडक्ट्स से जुड़ा रहा योगदान
टेर्नस ने एप्पल के प्रमुख प्रोडक्ट्स के विकास में बड़ा योगदान दिया है। इनमें आईफोन, मैक, आईपैड, एप्पल वॉच और एयरपॉड्स जैसे डिवाइस शामिल हैं। इन प्रोडक्ट्स ने वैश्विक बाजार में कंपनी की पहचान मजबूत की है। उनकी तकनीकी समझ और प्रोडक्ट डेवलपमेंट में पकड़ को ही उनके सीईओ बनने की बड़ी वजह माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें : Yogi सरकार का बड़ा फैसला, बिना रजिस्ट्रेशन भी MSP पर बिकेगा गेहूं, किसानों को मिलेगी ऐसे राहत
सीईओ बनने पर क्या बोले टेर्नस
नए सीईओ चुने जाने पर जॉन टेर्नस ने कहा कि यह उनके लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने भरोसा जताया कि वे कंपनी के मूल्यों और विजन को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि एप्पल के इनोवेशन और क्वालिटी को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी, ताकि कंपनी भविष्य में भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचे।
टिम कुक ने जताया भरोसा
टिम कुक ने भी जॉन टेर्नस की तारीफ करते हुए कहा कि वे कंपनी के लिए सही विकल्प हैं। कुक ने बताया कि टेर्नस में तकनीकी समझ के साथ नेतृत्व क्षमता भी है, जो एप्पल को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। कुक ने अपने कार्यकाल को यादगार बताते हुए कहा कि एप्पल का नेतृत्व करना उनके लिए सबसे बड़ा सम्मान रहा है।
भविष्य की रणनीति पर फोकस
टेर्नस ने प्रोडक्ट्स की मजबूती और विश्वसनीयता पर हमेशा ध्यान दिया है। उन्होंने रीसाइकल्ड मटेरियल के इस्तेमाल को बढ़ावा दिया और नए तकनीकी प्रयोगों पर जोर दिया। आने वाले समय में उनसे उम्मीद की जा रही है कि वे एप्पल को नई तकनीकों और इनोवेशन के जरिए और मजबूत बनाएंगे, जिससे कंपनी की वैश्विक स्थिति और बेहतर हो सके।