NIFT 2027 Registration: अगर आप फैशन, डिजाइनिंग या फैशन मैनेजमेंट के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो यह खबर आपके काम की है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने देश की प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा 2027 की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा को पास करके छात्र देश भर के NIFT परिसरों में अंडरग्रेजुएट और पोस्टग्रेजुएट कोर्सों में दाखिला ले सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तारीख
NIFT प्रवेश परीक्षा 2027 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की शुरुआत 16 अक्टूबर 2026 से हो चुकी है। बिना लेट फीस आवेदन की आखिऱी तारीख 16 नवंबर तय की गई है और लेट फीस के साथ आप 21 नवंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद, यदि फॉर्म भरते समय कोई गलती हो गई हो, तो उसे सुधारने के लिए 22 नवंबर से 25 नवंबर 2026 तक करेक्शन विंडो खोली जाएगी।
कब होगी परीक्षा
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, निफ्ट प्रवेश परीक्षा 10 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा देश भर के लगभग 100 शहरों में होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए 21 दिसंबर 2026 को एडवांस सिटी इंटिमेशन स्लिप जारी कर दी जाएगी। इसके बाद उम्मीदवार 4 जनवरी 2027 से अपना आधिकारिक एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
कौन-कौन से कोर्स और क्या है योग्यता
स्नातक स्तर के कोर्सों में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है। ग्रेजुएशन में B.Des (बैचलर ऑफ डिजाइन), B.F.Tech कोर्स उपलब्ध है। वहीं, पोस्ट ग्रेजुएट कोर्सों के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। पीजी में M.Des (मास्टर ऑफ डिजाइन), MFM (मास्टर ऑफ फैशन मैनेजमेंट) कोर्स उपलब्ध है।
परीक्षा पैटर्न
NIFT प्रवेश परीक्षा दो अलग-अलग तरीकों से आयोजित की जाएगी। इसमें जनरल एबिलिटी टेस्ट कंप्यूटर आधारित टेस्ट मोड में होता है, जबकि क्रिएटिव एबिलिटी टेस्ट पेन-एंड-पेपर आधारित टेस्ट मोड में लिया जाता है।
यह भी पढ़ें: ICAI CA Final Admit Card: ICAI CA फाइनल का एडमिट कार्ड जारी, ऐसे करें डाउनलोड
आवेदन कैसे करें?
1. NTA के आधिकारिक NIFT रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर जाएं।
2. इसके बाद New Registration पर क्लिक करें।
3. अपनी पर्सनल और शैक्षणिक डिटेल्स दर्ज करें।
4. मांगे गए जरूरी दस्तावेज़ अपलोड करें।
5. ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा शुल्क का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट करें।