Archana Tiwari Case भोपाल। कटनी की बेटी अर्चना तिवारी, जो बीते 12 दिनों से लापता थी, आखिरकार मिल गई है। जीआरपी पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी से बरामद किया है, जो नेपाल बॉर्डर से सटा हुआ इलाका है। रेलवे एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने इसकी पुष्टि की है। अर्चना तिवारी इंदौर में रहकर सिविल जज की तैयारी कर रही थी और रक्षाबंधन पर अपने घर कटनी लौटते समय अचानक लापता हो गई थी। उसकी आखिरी लोकेशन भोपाल रेलवे स्टेशन के पास मिली थी, जिसके बाद से पुलिस और परिवार उसकी तलाश में जुटे थे।
नेपाल बॉर्डर से मिली अर्चना
जीआरपी की टीम ने अर्चना को सुरक्षित बरामद कर लिया है और उसे भोपाल लाने की तैयारी शुरू कर दी है। भोपाल पहुंचने पर पुलिस अर्चना से पूछताछ करेगी और बयान दर्ज करेगी। माना जा रहा है कि उसके बयान से इस मामले में कई चौंकाने वाले राज सामने आ सकते हैं।
पुलिसकर्मी का कनेक्शन आया सामने
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि अर्चना का ट्रेन टिकट ग्वालियर के एक पुलिसकर्मी ने बुक किया था। भंवरपुरा थाने में पदस्थ सिपाही राम तोमर ने उसके लिए इंदौर से ग्वालियर का टिकट खरीदा था। इस कड़ी ने मामले को और भी संदिग्ध बना दिया है और पुलिस अब इस पहलू की गहराई से जांच कर रही है।
परिवार ने जताई राहत
अर्चना के मिलने की खबर से उसके परिवार में राहत की सांस है। 12 दिनों की बेचैनी और आशंका के बाद अब परिवार को उम्मीद है कि पुलिस की जांच से सच्चाई सामने आएगी और दोषियों को कड़ी सज़ा मिलेगी।