Android Privacy Tips: आजकल स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुके हैं। फोटो खींचने से लेकर वीडियो कॉलिंग और ऑनलाइन शॉपिंग तक, हम हर काम के लिए फोन का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपके फोन में कुछ ऐसे ऐप्स भी हो सकते हैं, जो चुपके से आपके कैमरे या माइक्रोफोन का इस्तेमाल कर रहे हों? आपकी प्राइवेसी को सुरक्षित रखने के लिए एंड्रॉयड स्मार्टफोन्स में कई ऐसे शानदार फीचर्स दिए गए हैं, जिनकी मदद से आप यह पता लगा सकते हैं कि कौन सा ऐप आपके फोन के कैमरा या माइक का इस्तेमाल कर रहा है और जरूरत पड़ने पर उनकी परमिशन बंद कर सकते हैं। तो आइए जानते हैं कि फोन का कैमरा-माइक चुपके से इस्तेमाल कर रहे ऐप्स पर एक्सेस कैसे बंद करें।
ग्रीन इंडिकेटर से करें पहचान
एंड्रॉयड 12 और इसके बाद के वर्जन वाले स्मार्टफोन्स में जब भी कोई ऐप बैकग्राउंड में कैमरा या माइक्रोफन का इस्तेमाल करता है, तो स्क्रीन के सबसे ऊपर दाएं कोने पर एक हरे रंग की डॉट या इंडिकेटर दिखाई देता है। अगर आपको यह डॉट दिखे, तो स्क्रीन पर ऊपर से नीचे की तरफ स्वाइप करके उसे इंडिकेटर को टैप करें। इससे आपको तुरंत पता चल जाएगा कि कौन सा ऐप कैमरे या माइक का इस्तेमाल कर रहा है।
क्विक सेटिंग से बंद करें एक्सेस
अगर आप चाहते हैं कि कोई भी ऐप अचानक कैमरा या माइक का इस्तेमाल न कर सके, तो फोन की स्कीन को ऊपर से दो बार नीचे की तरफ खींचे। Quick Settings खोलें, यहां आपको Camera Access या Microphone Access के टाइल (आइकन) मिल जाएंगे। इन पर क्लिक करके आप कैमरे या माइक का पूरा एक्सेस बंद कर सकते हैं।
ऐप सेटिंग्स में जाकर परमिशन बदलें
फोन की सेटिंग्स में जाएं और Apps पर क्लिक करें। इसके बाद उस ऐप को चुनें जिस पर आपको शक है या जिसकी परमिशन चेक करना चाहते हैं। Permissions में जाकर देखें कि उसे कैमरा और माइक का एक्सेस मिला हुआ है या नहीं। यदि उस ऐप को उसकी जरूरत नहीं है, तो परमिशन को 'Don't allow' या 'Ask every time' पर सेट कर दें।
यह भी पढ़ें: iPhone प्रेमियों के लिए खुशखबरी! 55,000 रुपये से कम में खरीदें iPhone 17, जानें तरीका
प्राइवेसी डैशबोर्ड का इस्तेमाल करें
अपने फोन की सेटिंग्स खोलें और प्राइवेसी में जाकर Privacy Dashboard पर जाएं। यहां आप पिछले 24 घंटों का पूरा डेटा देख सकते हैं कि किस-किस ऐप ने आपके कैमरे या माइक कितनी बार इस्तेमाल किया है।
अनजान ऐप्स को अनइंस्टॉल करें
अगर आपके फोन में कोई ऐसा ऐप है, जिसका आप इस्तेमाल नहीं करते हैं या कोई अनजान थर्ज पार्टी ऐप है, तो उसको तुरंत अनइंस्टॉल कर दें।