फीफा वर्ल्ड कप 2026 में लियोनेल मेसी की अर्जेंटीना एक बार फिर खिताब की तरफ बढ़ रही है। लेकिन टीम की जीत के साथ विवाद भी बढ़ता जा रहा है। अर्जेंटीना ने राउंड ऑफ 16 में मिस्र को 3-2 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। इस मैच के बाद रेफरी के कुछ फैसलों पर सवाल उठे और आरोप लगने लगे कि FIFA अर्जेंटीना की मदद कर रहा है। अब टीम के कोच लियोनेल स्कालोनी ने इन आरोपों पर खुलकर जवाब दिया है।
स्कालोनी बोले- कुछ लोग हमें जीतते नहीं देखना चाहते
स्विट्जरलैंड के खिलाफ क्वार्टर फाइनल से पहले स्कालोनी ने कहा कि अर्जेंटीना पर ऐसे आरोप पहली बार नहीं लगे हैं। उन्होंने 1986 वर्ल्ड कप का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय भी अर्जेंटीना की मदद की बात कही गई थी। स्कालोनी के मुताबिक कुछ लोग नहीं चाहते कि अर्जेंटीना फिर से वर्ल्ड कप जीते। उन्होंने कहा कि शायद पिछला वर्ल्ड कप जीतने की वजह से अर्जेंटीना को हारते देखने वाले लोगों की संख्या ज्यादा हो गई है।
मिस्र के खिलाफ मैच में क्या हुआ था?
पूरा विवाद अर्जेंटीना और मिस्र के बीच खेले गए मुकाबले के बाद शुरू हुआ। अर्जेंटीना एक समय मैच में 0-2 से पीछे चल रही थी। इसके बाद क्रिस्टियन रोमेरो, लियोनेल मेसी और इंजरी टाइम में एंजो फर्नांडीज ने गोल करके टीम को 3-2 से जीत दिला दी। लेकिन मैच के दौरान VAR जांच के बाद मिस्र का एक गोल रद्द कर दिया गया। इसके अलावा मोहम्मद सालाह के बॉक्स में गिरने पर भी मिस्र को पेनल्टी नहीं मिली।
मिस्र ने FIFA से कर दी शिकायत
रेफरी के इन फैसलों के बाद मिस्र फुटबॉल एसोसिएशन ने FIFA से आधिकारिक शिकायत की। इसके बाद सोशल मीडिया पर भी बहस शुरू हो गई कि क्या अर्जेंटीना को जानबूझकर फायदा दिया जा रहा है। मेसी की टीम मौजूदा वर्ल्ड चैम्पियन है और 2022 में कतर में खिताब जीत चुकी है। ऐसे में अब हर करीबी फैसले पर फैंस की नजर है। हालांकि अर्जेंटीना की तरफ से इन सभी आरोपों को गलत बताया जा रहा है।
आलोचना से खिलाड़ियों को मिल रही ताकत
स्कालोनी का कहना है कि उनकी टीम इन बातों से परेशान नहीं होती। बल्कि खिलाड़ी आलोचना को अपनी ताकत बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब अर्जेंटीना पर सवाल उठते हैं तो खिलाड़ी और बेहतर खेलने के लिए तैयार होते हैं। स्कालोनी ने साफ कहा कि टीम का पूरा ध्यान मैदान पर अपने खेल पर है। अर्जेंटीना अपना खिताब बचाने के लिए खेल रही है और बाहर चल रही बातों का असर खिलाड़ियों पर नहीं पड़ने दिया जा रहा।
इसे भी पढ़ें : Sachin-Kohli भी नहीं कर पाए ये कमाल, लॉर्ड्स में Harmanpreet ने कौन सा 'महारिकॉर्ड' बना दिया, पढ़ें यहां
VAR को लेकर स्कालोनी ने क्या कहा?
अर्जेंटीना के कोच ने VAR का भी बचाव किया। स्कालोनी ने कहा कि आज के समय में तकनीक मौजूद होने के कारण किसी टीम की जानबूझकर मदद करना बेहद मुश्किल है। वर्ल्ड कप से पहले सभी टीमों को VAR के नियम समझाए गए थे और अब तक उन्हीं नियमों के हिसाब से फैसले हुए हैं। अब अर्जेंटीना का सामना स्विट्जरलैंड से है। सवाल यही है कि क्या मेसी की टीम फिर जीतकर जवाब देगी या विवाद उसके वर्ल्ड कप सफर पर भारी पड़ेगा?