Army chief on UAE-Sri Lanka visit: भारत मित्र देशों के साथ रक्षा सहयोग और सैन्य संबंधों को मजबूत करने की दिशा में लगातार सक्रिय है. इसी क्रम में थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी 5 से 8 जनवरी 2026 तक संयुक्त अरब अमीरात और श्रीलंका की आधिकारिक यात्रा पर हैं. यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब हिंद महासागर क्षेत्र और पश्चिम एशिया में रणनीतिक गतिविधियां तेज हैं. इस यात्रा का उद्देश्य आपसी विश्वास को और गहरा करना, सैन्य सहयोग बढ़ाना और क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़े साझा हितों पर संवाद को आगे बढ़ाना है. रक्षा विशेषज्ञों के मुताबिक यह दौरा भारत की “फॉरवर्ड डिफेंस डिप्लोमेसी” नीति को मजबूती देता है.
रणनीतिक साझेदारी पर चर्चा
UAE दौरे के दौरान जनरल उपेंद्र द्विवेदी को थल सेना की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया. उन्होंने यूएई सशस्त्र बलों के शीर्ष सैन्य नेतृत्व से मुलाकात की, जिसमें थल सेना कमांडर सहित वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे. इस दौरान सेना की संरचना, क्षमताओं और भविष्य की रणनीतियों पर विचार-विमर्श हुआ. सेना प्रमुख ने प्रमुख सैन्य प्रतिष्ठानों का दौरा किया और अधिकारियों व जवानों से संवाद किया. साथ ही UAE के राष्ट्रीय रक्षा कॉलेज में अधिकारियों को संबोधित कर द्विपक्षीय रक्षा सहयोग, संयुक्त प्रशिक्षण और सैन्य आदान-प्रदान को और मजबूत करने पर जोर दिया गया.
यह भी देखेंःIndia reacts to Venezuela Crisis: वेनेजुएला संकट पर भारत की प्रतिक्रिया, अमेरिकी कार्रवाई पर जताई चिंता!
शहीदों को श्रद्धांजलि
UAE यात्रा के बाद जनरल द्विवेदी 7–8 जनवरी को श्रीलंका पहुंचेंगे, जहां उन्हें श्रीलंकाई सेना द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा. वे श्रीलंका के सेना प्रमुख, रक्षा सचिव और वरिष्ठ नेतृत्व से मुलाकात कर प्रशिक्षण सहयोग, क्षमता निर्माण और क्षेत्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर चर्चा करेंगे. इसके अलावा वे रक्षा सेवा कमान एवं स्टाफ कॉलेज और सेना युद्ध महाविद्यालय में अधिकारियों से संवाद करेंगे. दौरे के दौरान सेना प्रमुख आईपीकेएफ युद्ध स्मारक पर भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे. यह यात्रा भारत की हिंद महासागर क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है.