नशी मुक्ति केंद्र में सेना के हवलदार की हत्या करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें दो आरोपी शामली, एक पंजाब और एक बरेली का रहने वाला है। टीपी नगर थाना प्रभारी अरुण कुमार मिश्रा ने बताया, वेदव्यासपुरी स्थित नशा मुक्ति केन्द्र आशी फाउंडेशन में ललित निवासी अहमदपुर चौरोली गांव थाना जेवर जिला गौतमबुद्धनगर को परिजनों ने नशा छुड़ाने के लिए 18 सितंबर को भर्ती कराया था।
केंद्र के संचालकों ने पिटाई कर दी
ललित सेना में सूबेदार थे। ललित नया मरीज होने के कारण रात्रि में अधिक बेचैन रहता था और बार-बार बाहर जाने का प्रयास करता था। 22 सितंबर की रात को बाहर जाने का प्रयास कर रहे ललित की नशा मुक्ति केंद्र के संचालकों से कहासुनी और धक्का-मुक्की हो गई थी। इस पर नशा मुक्ति केंद्र के संचालकों ने उसकी पिटाई कर दी थी। गंभीर हालत में आरोपियों ने ललित को इलाज के लिए सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी
ललित के परिजनों में नशा मुक्ति केंद्र के संचालकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। थाना प्रभारी ने बताया, मुकदमा दर्ज होते ही चारों आरोपी सुधीर कुमार निवासी सिक्का गांव थाना आदर्श मंडी जिला शामली, सागर निवासी ईशापुर डाडो थाना कांधला जिला शामली, दशरथ निवासी गंगा नगर कॉलोनी थाना सुभाष नगर जिला बरेली और करनवीर निवासी राजापुर गांव थाना लाडोवा जिला लुधियाना पंजाब को नशा मुक्ति केंद्र से शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है और आरोपियों को सजा कराने के लिए साक्ष्य एकत्र कर रही है।