Bulandshahr News: हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने पैतृक गांव सुल्तानपुर, खुर्जा लौट रहे भारतीय सेना के जवान और राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी अमन सोलंकी फौजी (23) की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसा बिजनौर के नजीबाबाद क्षेत्र में मंडावली थाना क्षेत्र के मोटा महादेव मंदिर बाईपास के पास हुआ। हादसे में अमन के साथी हिरदेश तोमर भी गंभीर रूप से घायल हो गए। अमन की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
उपचार के दौरान दम तोड़ दिया
बताया गया कि अमन सोलंकी भारतीय सेना की 15 गेनेरियर रेजीमेंट में तैनात थे और वर्तमान में अलवर, राजस्थान में उनकी पोस्टिंग थी। वह अवकाश पर घर लौट रहे थे। हरिद्वार से गंगाजल लेकर बाइक से अपने गांव की ओर आ रहे अमन और उनके साथी की बाइक मोटा महादेव मंदिर बाईपास के पास डीजे लगे वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अमन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि हिरदेश तोमर की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हजारों नम आंखों के बीच अमन को दी अंतिम विदाई
बुधवार को अमन का पार्थिव शरीर पैतृक गांव सुल्तानपुर पहुंचा तो बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। देशभक्ति गीतों के बीच तिरंगे में लिपटा पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो माहौल गमगीन हो गया। हजारों नम आंखों के बीच लोगों ने अमन को अंतिम विदाई दी। इस दौरान लोगों ने ‘अमन फौजी अमर रहे’ और ‘जब तक सूरज चांद रहेगा, अमन तेरा नाम रहेगा’ के नारे लगाए।
क्षेत्र में शोक की लहर
राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी खिलाड़ी रहे अमन के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने कहा कि अमन ने सेना में भर्ती होकर देश सेवा का सपना पूरा किया था। कम उम्र में सड़क हादसे में उनकी मौत से परिवार के साथ ही गांव और खेल जगत को भी गहरा आघात पहुंचा है।