Arunachal Girl Viral : सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो लोगों का ध्यान खींच रहा है। वीडियो में अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर की एक छोटी बच्ची हाथ जोड़कर लोगों से भावुक अपील करती नजर आ रही है। बैंगनी रंग की टी-शर्ट पहने बच्ची बेहद मासूमियत से कहती है कि जब कोई उसे चाइनीज कहता है, तो उसे बहुत दुख होता है और गुस्सा भी आता है। उसकी बातों में शिकायत कम और अपनेपन की गुजारिश ज्यादा नजर आती है।
'हमें इंडियन बोलो', बच्ची की अपील
बच्ची लोगों से कहती है कि प्लीज उन्हें चाइनीज न कहें। वो बताती है कि वो ईटानगर में रहती है और उसे इंडियन कहा जाना चाहिए, क्योंकि वो और उसके जैसे सभी लोग भारत के ही रहने वाले हैं। बच्ची की मासूम आवाज में कही गई ये बात इंटरनेट पर लोगों को भावुक कर रही है। वीडियो में उसका दर्द इस बात को सामने लाता है कि किसी की शक्ल या शारीरिक बनावट को लेकर की गई टिप्पणी कितनी तकलीफ दे सकती है।
पूर्वोत्तर के लोगों को झेलनी पड़ती हैं ऐसी बातें
पूर्वोत्तर भारत के लोगों की शक्ल-सूरत को लेकर उन्हें कई बार आपत्तिजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ता है। किसी को सिर्फ उसके चेहरे या आंखों की बनावट के आधार पर दूसरे देश का नागरिक समझ लेना न सिर्फ गलत है, बल्कि भेदभाव को भी बढ़ावा देता है। इस बच्ची की अपील ने इसी सोच पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उसका छोटा सा वीडियो लोगों को ये सोचने पर मजबूर कर रहा है कि किसी के भारतीय होने का पैमाना आखिर क्या होना चाहिए।
वीडियो देखकर लोग दे रहे हैं समर्थन
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कई यूजर्स बच्ची की मासूमियत और हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि पूर्वोत्तर के नागरिकों के साथ किसी भी तरह का भेदभाव नहीं होना चाहिए। कई प्रतिक्रियाओं में लोगों ने अपनी सोच बदलने और दूसरों की पहचान का सम्मान करने की जरूरत पर जोर दिया।
इसे भी पढ़ें : केले से चेहरे की चमक तक, 2026 में छाया ‘बनाना ब्यूटी’ ट्रेंड; जानें क्यों बढ़ रहा इसका क्रेज
मासूम आवाज ने छेड़ी बड़ी बहस
इस छोटे से वीडियो ने एक बड़ी सामाजिक बहस को जन्म दे दिया है। बच्ची का संदेश सीधा है कि उसे उसकी पहचान से पहचाना जाए, उसके चेहरे से नहीं। ईटानगर की इस मासूम बेटी की अपील इंटरनेट पर लोगों के दिल तक पहुंच रही है और एक बार फिर ये सवाल सामने ला रही है कि देश के किसी भी हिस्से से आने वाले नागरिक को उसकी भारतीय पहचान के लिए किसी सफाई की जरूरत क्यों पड़नी चाहिए।