
Owaisi attacks Pak Army: एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तानी सेना प्रमुख असीम मुनीर पर तीखा हमला बोला है। ओवैसी ने उन्हें ‘सड़कछाप आदमी’ कहकर संबोधित किया और उनके हालिया परमाणु हमले के बयान को निंदनीय बताया। ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान के आर्मी चीफ द्वारा दी जा रही धमकियां भारत की संप्रभुता के खिलाफ हैं और यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे बयान अमेरिका में दिए जा रहे हैं, जो भारत का रणनीतिक साझेदार है। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि पाकिस्तान और उसकी सेना से बढ़ते खतरे को देखते हुए देश का रक्षा बजट बढ़ाया जाए।
असीम मुनीर का विवादित बयान
हाल ही में अमेरिका के फ्लोरिडा में एक कार्यक्रम के दौरान असीम मुनीर ने भारत पर परमाणु हमले की धमकी दी थी। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान एक परमाणु संपन्न देश है और अगर वह डूबा तो आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेगा। मुनीर ने सिंधु नदी पर भारत द्वारा बांध निर्माण का विरोध करते हुए चेतावनी दी कि अगर ऐसा हुआ तो पाकिस्तान 10 मिसाइलों से उसे नष्ट कर देगा। उन्होंने यह भी कहा कि हम भारत के पूर्वी हिस्से से हमला शुरू करेंगे और फिर पश्चिम की ओर बढ़ेंगे, जहां भारत के कई अहम संसाधन हैं।
यह भी पढ़ेंःCM Naib Singh Saini: तिरंगा यात्रा को सीएम नायब सिंह सैनी ने दी हरी झंडी, बेटियां संभालेंगी पूरा नेतृत्व
भारत का सख्त जवाब
पाकिस्तानी सेना प्रमुख के बयान पर भारत ने कड़ा रुख अपनाया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाता रहेगा। उन्होंने पाकिस्तान के इस रवैये को गैर-जिम्मेदाराना बताया और कहा कि ऐसे बयान उस देश की परमाणु कमान और नियंत्रण पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं, जिसकी सेना आतंकवादी समूहों से मिली हुई है। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय को भी इस तरह की बयानबाजी से पाकिस्तान की नीयत और नीति का अंदाजा लगाना चाहिए।