ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एशेज सीरीज अब अपने अंतिम मोड़ पर पहुंच चुकी है। ट्रॉफी पहले ही ऑस्ट्रेलिया के नाम हो चुकी है लेकिन इंग्लैंड ने मेलबर्न टेस्ट जीतकर सीरीज में जान फूंक दी है। करीब 15 साल बाद बेन स्टोक्स ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टेस्ट जीतने वाले पहले इंग्लिश कप्तान बने। अब इंग्लैंड की नजर सिडनी टेस्ट पर है ताकि सीरीज को सम्मानजनक अंदाज में खत्म किया जा सके। पांचवां और आखिरी टेस्ट 4 जनवरी से सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में खेला जाएगा जहां इंग्लैंड हार के अंतर को कम करने की कोशिश करेगा।
गेंदबाजी संकट में इंग्लैंड
सिडनी टेस्ट से पहले इंग्लैंड के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसका कमजोर होता गेंदबाजी आक्रमण है। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर पहले ही चौथे और पांचवें टेस्ट से बाहर हो चुके थे। वहीं मेलबर्न टेस्ट के दौरान गस एटकिंसन भी चोटिल होकर आखिरी टेस्ट से बाहर हो गए। ऐसे में इंग्लैंड को अपने बॉलिंग कॉम्बिनेशन को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट ने अंतिम टेस्ट के लिए असामान्य फैसला लिया और सीधे प्लेइंग इलेवन के बजाय 12 खिलाड़ियों का ऐलान कर दिया।
पिच और मौसम बना वजह
इंग्लैंड द्वारा 12 खिलाड़ियों के चयन की सबसे बड़ी वजह सिडनी का बदला हुआ मिजाज है। आमतौर पर इस समय सिडनी में गर्मी रहती है लेकिन इस बार मौसम अपेक्षाकृत ठंडा है। इसके साथ ही सिडनी क्रिकेट ग्राउंड की पिच पर इस बार घास छोड़ी गई है। परंपरागत रूप से बल्लेबाजों और स्पिनरों को मदद देने वाली इस पिच से अब तेज गेंदबाजों को भी फायदा मिलने की उम्मीद है। ऐसे में इंग्लैंड अंतिम एकादश का फैसला टॉस के आसपास पिच और मौसम देखकर करेगा।
दो नए चेहरों की एंट्री
इंग्लैंड की प्लेइंग-12 में 10 खिलाड़ी वही हैं जो मेलबर्न टेस्ट में खेले थे लेकिन दो खिलाड़ियों को इस एशेज में पहली बार मौका मिला है। तेज गेंदबाज मैथ्यू पॉट्स को लंबे समय बाद टेस्ट टीम में शामिल किया गया है जिन्होंने दिसंबर 2024 के बाद कोई टेस्ट नहीं खेला था। वहीं ऑफ स्पिनर शोएब बशीर को भी मौका मिला है जो इस दौरे पर इंग्लैंड के एकमात्र प्रमुख स्पिनर हैं। बशीर ने भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में पिछला टेस्ट खेला था जहां चोट के बावजूद उन्होंने टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
इसे भी पढ़ें : T20 World Cup से पहले Bangladesh और Afghanistan की बड़ी परीक्षा, 2026 में कहां किससे होगी टक्कर ?
इंग्लैंड की प्लेइंग-12
बेन स्टोक्स कप्तान
जैक क्रॉली
बेन डकेट
जैकब बैथेल
जो रूट
हैरी ब्रूक
जेमी स्मिथ विकेटकीपर
विल जैक्स
गस एटकिंसन
जॉश टंग
मैथ्यू पॉट्स
शोएब बशीर