
एशिया कप 2025 में टीम इंडिया ने पाकिस्तान को पहले दो बार हराया है। अब 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले फाइनल में टीम इंडिया तीसरी बार जीत की हैट्रिक लगाने के लिए बेताब दिखाई दे रही है। अगर पाकिस्तान फाइनल हार जाता है, तो उसे करीब 1.30 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के पास इस मुकाबले में 75 लाख रुपये कमाने का सुनहरा मौका है।
प्राइज मनी की जानकारी
रिपोर्ट्स के अनुसार इस साल एशिया कप की प्राइज मनी में 2023 की तुलना में 50 प्रतिशत का इजाफा किया गया है। इस बार विजेता टीम को लगभग 2.60 करोड़ रुपये मिलेंगे, जबकि फाइनल हारने वाली टीम को 1.30 करोड़ रुपये मिलेंगे। इसके अलावा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाले खिलाड़ी को 50 लाख रुपये दिए जाएंगे। फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच बनने वाले क्रिकेटर को 20 लाख रुपये मिलेंगे। वहीं बेस्ट बैट्समैन और बेस्ट बॉलर को 25-25 लाख रुपये दिए जाएंगे।
अभिषेक शर्मा के लिए गोल्डन चांस
टीम इंडिया के ओपनर अभिषेक शर्मा प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने के लिए सबसे आगे चल रहे हैं। उन्होंने अब तक 6 मैचों में 51.50 की औसत से 309 रन बनाए हैं, जिसमें तीन फिफ्टी शामिल हैं। दूसरे नंबर पर श्रीलंका के पाथुम निसंका हैं, जिन्होंने 6 मैचों में 261 रन बनाए हैं। अभिषेक शर्मा का बेस्ट बैट्समैन का खिताब लगभग पक्का माना जा रहा है, वहीं प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने की स्थिति में उन्हें फाइनल में करीब 75 लाख रुपये मिल सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : Asia Cup फाइनल में Surya के पास फॉर्म सुधार का मौका, बड़ी पारी पर टिकी सबकी निगाहें
कुलदीप यादव के लिए बेस्ट बॉलर का खिताब
वहीं टीम इंडिया के स्पिनर कुलदीप यादव फाइनल में बेस्ट बॉलर का खिताब जीत सकते हैं। उन्होंने अब तक 6 मैचों में 13 विकेट हासिल किए हैं। यूएई के जुनैद सिद्दकी 9 विकेट के साथ दूसरे नंबर पर हैं, जबकि पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी 6 मैचों में 9 विकेट लेकर तीसरे स्थान पर हैं। जिसके चलते फाइनल में कुलदीप के प्रदर्शन पर सबकी नजर होगी।
फाइनल में भारत की हैट्रिक!
टीम इंडिया फाइनल में जीतकर हैट्रिक बनाने की कोशिश करेगी। इस मैच में अभिषेक शर्मा और कुलदीप यादव के व्यक्तिगत प्रदर्शन भी आर्थिक और गौरव की दृष्टि से अहम होगा। अभिषेक के लिए बेस्ट बैट्समैन और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के इनाम, कुलदीप के लिए बेस्ट बॉलर का खिताब फाइनल में रोमांच और उत्साह को बढ़ा देगा। वहीं टीम इंडिया की जीत और खिलाड़ियों की शानदार पारियां फैंस के लिए रोमांचक साबित होंगी।