
एशिया कप 2025 को लेकर अब तस्वीर साफ होती जा रही है. गुरुवार को ढाका में एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) की सालाना बैठक हुई, जिसमें इस टूर्नामेंट को लेकर कई अहम फैसले लिए गए. BCCI ने इस बैठक में वर्चुअल तरीके से हिस्सा लिया.
भारत और पाकिस्तान होंगे एक ही ग्रुप में
सूत्रों के अनुसार, इस बार भारत और पाकिस्तान को एक ही ग्रुप में रखा जाएगा. इसका मतलब है कि दर्शकों को दो हाई-वोल्टेज मुकाबले देखने को मिल सकते हैं. एक ग्रुप स्टेज में और दूसरा नॉकआउट या फाइनल में.
भारत में नहीं होगा एशिया कप
हालांकि भारत को एशिया कप की मेजबानी मिली थी, लेकिन जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकी हमले के बाद BCCI ने भारत में टूर्नामेंट कराने से मना कर दिया. इस हमले में कई पर्यटकों की मौत हो गई थी, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी.
अब दुबई या अबू धाबी में होगा टूर्नामेंट
दुबई और अबू धाबी को न्यूट्रल वेन्यू के तौर पर शॉर्टलिस्ट किया गया है. BCCI और एमिरेट्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के बीच इसके लिए तीन वेन्यू पर करार हो चुका है, लेकिन टूर्नामेंट केवल दो मैदानों पर खेले जाने की संभावना है.
सितंबर में होगा आयोजन
एशिया कप 2025 सितंबर के पहले या दूसरे हफ्ते से शुरू हो सकता है और यह तीसरे या चौथे हफ्ते तक चलेगा. यह टूर्नामेंट T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण अभ्यास टूर्नामेंट साबित हो सकता है.
भारत-बांग्लादेश सीरीज टली
भारत और बांग्लादेश के बीच हाल ही में संबंधों में तनाव आया है. इसी कारण BCCI ने शुरू में ACC बैठक में भाग लेने से मना किया था, लेकिन बाद में राजीव शुक्ला वर्चुअल तरीके से इसमें शामिल हुए. इस तनाव की वजह से अगस्त 2025 में प्रस्तावित भारत-बांग्लादेश सीरीज भी टाल दी गई है.
भारत सबसे बड़ी आर्थिक ताकत
गौर करने वाली बात यह है कि एशिया कप की आर्थिक रीढ़ भारत ही है, क्योंकि सबसे ज्यादा प्रायोजक और दर्शक भारत से ही आते हैं. सोनी पिक्चर्स इंडिया ने 2024 में एशिया कप के 8 साल के मीडिया राइट्स 170 मिलियन डॉलर में खरीदे हैं. खैर अब सभी की नजरें BCCI और PCB के बीच होने वाली अगली बैठक पर टिकी हैं, जहां वो फाइनल शेड्यूल और वेन्यू का ऐलान कर सकते हैं.